भारत

Delhi excise policy case: केजरीवाल आबकारी मामले में गिरफ्तार, ED कल अदालत में कर सकती है पेश

Delhi excise policy case: आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में आप नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं।

Published by
एजेंसियां   
Last Updated- March 21, 2024 | 11:54 PM IST

Delhi excise policy case: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आज रात गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में केजरीवाल को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गुरुवार शाम को ईडी की एक टीम केजरीवाल के दिल्ली आवास पर पहुंची थी और उसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। ईडी केजरीवाल को कल अदालत में पेश कर सकता है। आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में आप नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं।

आप की नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी मारलेना ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद भी केजरीवाल मुख्यमंत्री बने रहेंगे और जेल से ही सरकार चलाएंगे। इस बीच आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को झुकाने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है लेकिन देश की जनता उनके साथ है।

इससे पहले दिल्ली उच्च न्यायालय ने केजरीवाल को आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में दंडात्मक कार्रवाई से राहत प्रदान करने से इनकार कर दिया था। उच्च न्यायालय का आदेश आने के फौरन बाद ईडी की टीम केजरीवाल के आवास पर आ धमकी।

अधिकारियों के अनुसार ईडी टीम ने मुख्यमंत्री आवास के कर्मचारियों को बताया कि उसके पास तलाशी वारंट है। केजरीवाल को ईडी ने कई बार समन भेजा था लेकिन वह पेश नहीं हुए।

First Published : March 21, 2024 | 11:40 PM IST