भारत

अमेरिकी अरबपति George Soros ने अदाणी- हिडंनबर्ग मामले में PM मोदी पर साधा निशाना, BJP ने दिया करारा जवाब

ईरानी ने कहा कि विदेशी धरती से भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को हिलाने का प्रयास किया जा रहा है। यह युद्ध भारत के खिलाफ शुरू किया जा रहा है। इस युद्ध और भारत के हितों के बीच PM मोदी खड़े हैं।

Published by
बीएस वेब टीम
Last Updated- February 17, 2023 | 2:35 PM IST

अदाणी- हिडंनबर्ग मामले पर बोलते हुए अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस (George Soros) ने गौतम अदाणी के साथ PM मोदी की नजदीकियों पर सवाल उठाया है। PM मोदी पर निशाना साधते हुए जॉर्ज सोरोस ने भारतीय लोकतंत्र पर भी सवाल खड़े किए हैं।

जॉर्ज सोरोस ने PM मोदी पर साधा निशाना

अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस हाल ही में म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। इस कॉन्फ्रेंस में सोरोस ने अदाणी हिडंनबर्ग मामले पर बोलते हुए PM मोदी पर निशाना साधा था। दरअसल उन्होंने कहा था कि मोदी इस मुद्दे पर शांत हैं, लेकिन उन्हें विदेशी निवेशकों और संसद में सवालों के जवाब देने होंगे।

उन्होंने आगे कहा था कि यह भारत की संघीय सरकार पर मोदी की पकड़ कमजोर कर देगा और संस्थागत सुधारों के दरवाजे खोलेगा। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी सीमाएं लांघते हुए यहां तक कहा कि, मुझे उम्मीद है कि भारत में एक लोकतांत्रिक परिवर्तन होगा।

भाजपा ने जॉर्ज सोरोस को दिया करारा जवाब

भाजपा की तरफ से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस के खिलाफ मोर्चा खोला और PM मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर पलटवार किया है। ईरानी ने कहा कि विदेशी धरती से भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को हिलाने का प्रयास किया जा रहा है। यह युद्ध भारत के खिलाफ शुरू किया जा रहा है। इस युद्ध और भारत के हितों के बीच PM मोदी खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सभी को एक स्वर में जॉर्ज सोरोस के बयान की निंदा करनी चाहिए।

स्मृति ईरानी ने जॉर्ज सोरोस पर निशाना साधते हुए कहा वह भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करना चाहते है और कुछ ‘चुने हुए’ लोगों से यहां की सरकार चलाना चाहते है। ईरानी ने दावा किया कि जॉर्ज सोरोस ने भारत सहित लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में हस्तक्षेप करने के लिए एक अरब डॉलर से अधिक का फंड बनाया है।

First Published : February 17, 2023 | 2:26 PM IST