वित्त-बीमा

भारतीय बैंक संघ, फियो रुपये में व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम आयोजित करेंगे

Published by
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया
Last Updated- December 08, 2022 | 6:29 PM IST

भारतीय बैंक संघ (आईबीए) और निर्यातकों के शीर्ष निकाय फियो रुपये में व्यापार को बढ़ावा देने पर जोर दे रहे हैं। इसके तहत विभिन्न संबंधित पक्षों को प्रशिक्षित करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में पांच दिसंबर को एक बैठक में निर्णय लिया गया। बैठक का आयोजन वित्त मंत्रालय ने रुपये में विदेश व्यापार को बढ़ावा देने के लिए किया था। इसमें वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारी, बैंकों के सीईओ और निर्यातक शामिल हुए।

अधिकारी ने कहा कि आरबीआई के एक प्रतिनिधि ने इस मुद्दे पर निर्यात संवर्धन परिषदों और संबंधित बैंकों के सवालों के जवाब दिए।

इस दौरान यह निर्णय लिया गया कि भारतीय बैंक संघ और फियो संयुक्त रूप से रुपया व्यापार व्यवस्था पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

फियो के महानिदेशक अजय सहाय ने कहा कि रुपया निपटान तंत्र निर्यातकों को विनिमय जोखिमों से बचाने में मदद करेगा। उन्होंने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम का मकसद बैंक कर्मचारियों, निर्यातकों को रुपये में निर्यात के बारे में बताना है।

First Published : December 8, 2022 | 6:22 PM IST