Representative Image
SBI mCash Service: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI ने घोषणा की है कि वह अपनी लोकप्रिय mCASH सेवा को 30 नवंबर 2025 से पूरी तरह बंद कर देगा। इसके बाद ग्राहक OnlineSBI और YONO Lite पर mCASH के माध्यम से पैसे नहीं भेज पाएंगे। इसका मतलब है कि बिना बेनेफिशियरी रजिस्ट्रेशन के अब कोई भी ट्रांजैक्शन संभव नहीं होगा।
बैंक ने कहा है कि mCASH लिंक या ऐप के जरिए भेजी गई राशि को अब क्लेम नहीं किया जा सकेगा। इसलिए ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि वे भविष्य में पैसे भेजने के लिए UPI, IMPS, NEFT और RTGS जैसे सुरक्षित और आसान डिजिटल विकल्प का इस्तेमाल करें।
पहले ग्राहक SBI mCASH ऐप को Google Play Store से डाउनलोड कर सकते थे। इसके बाद लॉगिन करने के लिए उन्हें एक MPIN रजिस्टर करना होता था। इस MPIN की मदद से ग्राहक ऐप में लॉगिन करके पैसे भेजने, प्राप्त करने और अन्य सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते थे।
अब ग्राहक UPI बेस्ड पेमेंट सिस्टम के जरिए आसानी से पैसे भेज सकते हैं। इसके लिए BHIM SBI Pay ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस ऐप से ग्राहक किसी भी बैंक अकाउंट में पैसे भेज सकते हैं, बिल भर सकते हैं, मोबाइल रिचार्ज और ऑनलाइन शॉपिंग भी कर सकते हैं। UPI पेमेंट करने के लिए बस ऐप में लॉगिन करें, ‘Pay’ विकल्प चुनें और VPA, अकाउंट नंबर-IFSC या QR कोड में से कोई भी तरीका इस्तेमाल करें। पेमेंट को पूरा करने के लिए अपना UPI PIN डालना होगा।
| विकल्प | क्या है? | कब इस्तेमाल करें? |
|---|---|---|
| UPI | मोबाइल से तुरंत पैसे भेजें (VPA, QR, नंबर से) | रोजाना, छोटे-बड़े सभी ट्रांसफर |
| IMPS | तुरंत ट्रांसफर, 24×7 | ₹2 लाख तक तुरंत जरूरत |
| NEFT | बैच में ट्रांसफर, RBI टाइमिंग | मध्यम राशि, सुबह 8 से शाम 7 बजे |
| RTGS | बड़े ट्रांसफर (₹2 लाख से ऊपर) | हाई वैल्यू पेमेंट |
बैंक ने यह स्पष्ट किया है कि अब डिजिटल ट्रांजैक्शन के लिए UPI, IMPS, NEFT और RTGS सबसे भरोसेमंद और आसान रास्ते हैं।