बैंक

सैलरी अकाउंट वाले दें ध्यान! दिल्ली में 12 सरकारी बैंकों ने लगाया मेगा कैंप, खुला सुविधाओं का पिटारा

दिल्ली में केंद्रीय कर्मचारियों के लिए कम्पोजिट सैलरी पैकेज कैंप आयोजित हुआ है, जिसमें बैंकिंग, बीमा और निवेश सुविधाएं, CASA बढ़ाने और स्थिर डिपॉजिट पर जोर दिया जा रहा है

Published by
हर्ष कुमार   
Last Updated- February 24, 2026 | 3:19 PM IST

केंद्र सरकार के कर्मचारियों को बैंकिंग सुविधाएं आसानी से देने के लिए दिल्ली में एक बड़ा कैंप लगाया गया है। मंगलवार को वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाएं विभाग के सचिव एम. नागराजू ने कर्तव्य भवन में कम्पोजिट सैलरी पैकेज अकाउंट ओपनिंग कैंप का उद्घाटन किया।

यह कैंप स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और केनरा बैंक ने मिलकर आयोजित किया है। इसमें देश के सभी 12 पब्लिक सेक्टर बैंक शामिल हुए है।

सैलरी अकाउंट से बैंकों को मिलेगा फायदा

उद्घाटन के दौरान एम. नागराजू ने कहा कि पब्लिक सेक्टर बैंकों को आजकल CASA यानी करंट और सेविंग्स अकाउंट में बैलेंस बढ़ाने की टेंशन है। ऐसे में सैलरी अकाउंट बहुत काम आते हैं। इनसे बचत का बैलेंस अच्छा बढ़ता है और ग्राहकों से गहरा रिश्ता बनता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब रिलेशनशिप मैनेजमेंट और कस्टमर की लंबी वैल्यू पर फोकस है। इस तरह के कैंप इसी सोच को आगे बढ़ाने का अच्छा तरीका हैं।

Also Read: IDFC फर्स्ट बैंक ने हरियाणा सरकार के ₹590 करोड़ का भुगतान जल्द करने का आश्वासन दिया

SBI के नई दिल्ली सर्कल के चीफ जनरल मैनेजर देबाशीष मिश्रा ने बताया कि सेंट्रल गवर्नमेंट सैलरी पैकेज कर्मचारियों और बैंकों दोनों के लिए जीत-जीत वाली स्कीम है। उन्होंने एक ताजा उदाहरण दिया।

मिश्रा ने कहा, “हाल ही में नॉर्दर्न रेलवे के एक कर्मचारी की ऑफ-ड्यूटी एक्सीडेंट में मौत हो गई। वो SBI में अकाउंट रखते थे। रेलवे सैलरी पैकेज स्कीम के तहत उनकी पत्नी को 1 करोड़ रुपये का क्लेम मिला। ये पैसा DRM ऑफिस में ही सेटल हो गया, जिससे परिवार को तुरंत मदद मिली।” कैंप में केनरा बैंक के CGM विक्रम दुग्गल ने धन्यवाद दिया।

सरकारी कर्मचारियों के लिए ‘ऑल-इन-वन’ बैंकिंग

इस पैकेज में केंद्र सरकार के कर्मचारियों को बैंकिंग के साथ-साथ बीमा और निवेश की सुविधाएं एक ही जगह मिलती हैं। इसमें लॉकर किराए पर 50% तक की छूट, 20 लाख रुपये तक का मुफ्त टर्म इंश्योरेंस, 2 करोड़ रुपये तक का पर्सनल एक्सीडेंट कवर, किफायती हेल्थ इंश्योरेंस और कार्ड पर खास ऑफर शामिल हैं।

SBI ये सभी सुविधाएं अपनी सहयोगी कंपनियों, SBI लाइफ, SBI जनरल और SBI कार्ड के जरिए देता है। दूसरे पब्लिक सेक्टर बैंक भी अपनी ग्रुप कंपनियों या पार्टनर संस्थाओं के साथ मिलकर इसी तरह के फायदे दे रहे हैं।

CASA में बहुत मुकाबला चल रहा है, इसलिए पब्लिक सेक्टर बैंक अब केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। ये कर्मचारी भरोसेमंद और अच्छे क्वालिटी के डिपॉजिट लाते हैं, जिससे बैंकों को सस्ता फंड मिलता है।

First Published : February 24, 2026 | 3:19 PM IST