अर्थव्यवस्था

India’s forex reserves: विदेशी मुद्रा भंडार 600 अरब डॉलर के पार, 15 महीने के हाई पर पहुंचा

देश का विदेशी मुद्रा भंडार अक्टूबर, 2021 में 645 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 21, 2023 | 6:35 PM IST

देश का विदेशी मुद्रा भंडार (forex reserves) 14 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 12.74 अरब डॉलर बढ़कर 609.02 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 1.23 अरब डॉलर बढ़कर 596.28 अरब डॉलर रहा था।

देश का विदेशी मुद्रा भंडार अक्टूबर, 2021 में 645 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया था। लेकिन वैश्विक घटनाओं के कारण पैदा हुए दबावों के बीच रुपये को संभालने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग करने से इसमें गिरावट आई।

रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, 14 जुलाई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 11.19 अरब डॉलर बढ़कर 540.17 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।

Also read: घरेलू मुद्राओं में कारोबार पर चल रहा काम

रिजर्व बैंक के अनुसार स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.14 अरब डॉलर बढ़कर 45.19 अरब डॉलर हो गया। आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (SDR) 25 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.48 अरब डॉलर हो गया। समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखा देश का मुद्रा भंडार 15.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 5.17 अरब डॉलर हो गया।

First Published : July 21, 2023 | 6:35 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)