ट्राइफेक्टा कैपिटल का यूनिकॉर्न पर दांव

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 6:17 AM IST

वेंचर डेट फंड ट्राइफेक्टा कैपिटल अगले 24 महीनों के दौरान अपने पोर्टफोलियो के यूनिकॉर्न की सूची में 10 अन्य स्टार्टअप को शामिल करने की तैयारी कर रहा है।
अगले दो वर्षों के दौरान यूनिकॉर्न यानी 1 अरब डॉलर के मूल्यांकन की सूची में शामिल होने वाली कंपनियों में भारतपे, लिवस्पेस और निन्जाकार्ट शामिल हैं। भारतपे ने हाल में डी शृंखला इक्विटी दौर के तहत 10.8 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। वह देश की अगली फिनटेक यूनिकॉर्न बनने के लिए तैयार है। होम इंटीरियर एवं रिनोवेशन स्टार्टअप लिवस्पेस का मूल्यांकन फिलहाल 50 करोड़ डॉलर से अधिक है जबकि वॉलमार्ट के निवेश वाली बी2बी आपूर्ति शृंखला स्टार्टअप निन्जाकार्ट का मूल्यांकन 25 से 50 करोड़ डॉलर के बीच है।
ट्राइफेक्टा कैपिटल के सह-संस्थापक एवं मैनेजिंग पाटनर राहुल खन्ना ने कहा, ‘हमारे पोर्टफोलियो में शामिल कई कंपनियां उभरते हुए सितारे हैं और वे लगातार वृद्धि दर्ज करेंगी क्योंकि वे जिन श्रेणियों में मौजूद हैं उन्हें परिभाषित करती हैं। हम उम्मीद करते हैं कि अगले 24 महीने के दौरान हमारे पोर्टफोलियो में शामिल यूनिकॉर्न की संख्या दोगुनी हो जाएगी। हम अपने पोर्टफोलियो में लिवस्पेस, निन्जाकार्ट और भारतपे को लेकर काफी उत्साहित हैं जो लगातार वृद्धि कर रही हैं और निवेशकों को उनमें काफी दिलचस्पी है।’
बाजार अनुमानों के अनुसार, अपनी श्रेणी की कुछ अन्य अग्रणी कंपनियां जिन पर यह प्लेटफॉर्म दांव लगा रहा है उनमें शेयरचैट, वेदांतु, क्योर डॉट फिट और कारदेखो शामिल हैं। ये कंपनियां जल्द ही यूनिकॉर्न का दर्जा हासिल करने वाली हैं। इस प्लेटफॉर्म के पोर्टफोलियो में 9 यूनिकॉर्न पहले से ही शामिल हैं जिनमें बिगबास्केट, अर्बन कंपनी, रिविगो, कार्स24 और इन्फ्रामार्केट शामिल हैं। ओरियस वेंचर पार्टनर्स की रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू स्टार्टअप परिवेश में पिछले एक दशक के दौरान 106 अरब डॉलर मूल्य के 44 यूनिकॉर्न तैयार हुए। खन्ना ने कहा, ‘हमारे पास बढिय़ा को चुनने का सौभाग्य रहा और हम ऐसा वेंचर कैपिटल, निवेश चक्र और श्रेणी में अग्रणी बनने के शुरुआती संकेतों को समझने के अपने अनुभव से कर पाए।’
साल 2015 में स्थापित और विकास चरण की कंपनियों पर केंद्रित ट्राइफेक्टा कैपिटल अपने मानदंडों पर कंपनियों को परखती है। वह यह देखने की कोशिश करती है कि स्टार्टअप कैसा प्रदर्शन कर रहा है, उसके कारोबारी मॉडल कैसा है, उसमें विस्तार की क्या संभावनाएं हैं, उसकी टीम की गुणवत्ता और परिपक्वता कैसी है। वह उनमें दांव लगाने से पहले उच्च गुणवत्ता वाले इक्विटी निवेशकों से मदद भी लेती है।

First Published : April 5, 2021 | 12:11 AM IST