IPL 2023 का सोमवार को महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की रोमांचक जीत के साथ अंत हुआ। एक तरफ जहां, धोनी और हार्दिक पांड्या की टीमों के बीच टक्कर का मैच चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ Swiggy पर भी मैच के दौरान कई लोगों ने एक ही फूड डिश को सबसे ज्यादा ऑर्डर किया।
कंपनी के अनुसार, इस साल के आईपीएल फाइनल मैच के दौरान बिरयानी लोगों के बीच सबसे पसंदीदा फूड डिश बनकर उभरी है। जी हां, फूड डिलीवरी ऐप ने सोमवार को एक ट्वीट में इस बात की जानकारी दी है।
कंपनी के ट्वीट के मुताबिक, एक मिनट में ऐप पर 212 बिरयानी के ऑर्डर मिले, जिसके साथ ही यह IPL 2023 के दौरान सबसे अधिक ऑर्डर की जाने वाली फूड डिश के रूप में विजेता बनी।
कई ट्विटर यूजर यह जानने के लिए उत्सुक थे कि क्या यह वेज बिरयानी या नॉन-वेज बिरयानी है जिसके बारे में स्विगी का जिक्र कर रहा था। हालांकि, इस पर कंपनी ने कोई जानकारी साझा नहीं की है।
न्यू ईयर 2023 को भी लोकप्रिय फूड डिलीवरी ऐप पर सबसे ज्यादा बिरयानी के ही ऑर्डर आए थे। बता दें कि कंपनी ने 3.50 लाख लोगों तक बिरयानी का ऑर्डर पहुंचाया था।
Swiggy के एक ट्विटर पोल के अनुसार, हैदराबादी बिरयानी के लिए 76.2 प्रतिशत ऑर्डर आए थे। जिसके बाद कंपनी को लखनऊ बिरयानी के लिए 14 फीसदी और कोलकाता बिरयानी के लिए 9.8 फीसदी ऑर्डर मिले।
बिरयानी और पिज्जा के अलावा, Swiggy के इंस्टामार्ट में स्नैक्स के ऑर्डर में भी उछाल देखा गया। नए साल की पूर्व संध्या 2023 को शाम 7 बजे तक, चिप्स के चौंका देने वाले 1.76 लाख पैकेट का ऑर्डर दिया गया था।
इसी के साथ ही, होमग्रोन फूड एग्रीगेटर को मार्च तक काफी प्रॉफिट हुआ, जो कि फूड टेक इंडस्ट्री के लिए काफी बड़ी सफलता है।