मौजूदा आर्थिक मंदी के तूफान से उबरने के लिए कंपनियां खर्च कटौती जैसे उपाय अपना रही हैं। इस आर्थिक मंदी की मार विज्ञापन एजेंसियों के कारोबार पर भी स्पष्ट दिख रही है।
भुवनेश्वर की कई प्रमुख विज्ञापन एजेंसियों ने पिछले दो महीनों में अपने राजस्व में 30 से 50 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की है।
राज्य में लगभग 100 ग्राहकों वाली हेमराज एडवरटाइजिंग एजेंसी के प्रबंध भागीदार एल एन अग्रवाल ने कहा कि मौजूदा आर्थिक मंदी की वजह से पिछले दो महीनों में हमारे राजस्व में 50 फीसदी की गिरावट आई है।
विज्ञापन एजेंसी ने 2007-08 में लगभग 3 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। डिस्प्ले लाइन के मुख्य अधिकारी श्रीधरन दास ने कहा, ‘आर्थिक मंदी के कारण हमने पिछले दो महीनों में अपने कारोबार में लगभग 30 फीसदी की गिरावट दर्ज की है।
विज्ञापनों के बदले में हमारे कॉर्पोरेट ग्राहकों से किए जाने वाले भुगतान में दो से तीन महीने तक की देरी हुई है।’ उन्होंने बताया कि हमने 2008-09 के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब हम इसे घटा कर 4 करोड़ रुपये कर रहे हैं। पिछले साल हमारा कारोबार 3 करोड़ रुपये था।
हालांकि यह आर्थिक मंदी संकेत कम्युनिकेशंस, अलकनंदा एडवरटाइजिंग लिमिटेड और प्रेसमैन पब्लिक रिलेशंस जैसी बड़ी विज्ञापन एजेंसियों के कामकाज पर असर डालने में विफल रही है।
संकेत कम्युनिकेशंस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘हमारा विज्ञापन राजस्व आर्थिक मंदी के कारण प्रभावित नहीं हुआ है। हमारे ग्राहक पूर्व में तय किए गए विज्ञापन बजट पर आगे बढ़ रहे हैं।
हमारे ज्यादातर ग्राहक सार्वजनिक क्षेत्र में हैं, इसलिए हमारा कारोबार काफी हद तक बचा हुआ है। लेकिन अगर अगले कुछ महीनों में आर्थिक स्थिति में सुधार नहीं आता है तो हमें विज्ञापन राजस्व में गिरावट की संभावना नजर आ रही है।’
संकेत कम्युनिकेशंस ने 2007-08 में 14 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया था और इस विज्ञापन एजेंसी पिछले दो महीने में औसतन 1 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है। इस विज्ञापन एजेंसी के इस शहर में 45-50 ग्राहक हैं।
अलकनंदा एडवरटाइजिंग लिमिटेड के शाखा प्रमुख (भुवनेश्वर) रवि कुमार ने कहा, ‘मौजूदा मंदी की वजह से हमारा विज्ञापन कारोबार मंद नहीं हुआ है, क्योंकि हमारे तकरीबन 70 फीसदी ग्राहक सार्वजनिक क्षेत्र में हैं।’ यह विज्ञापन फर्म अपने उड़ीसा परिचालन से सालाना तकरीबन 3 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल करती है।
प्रेसमैन पब्लिक रिलेशंस की भुवनेश्वर शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमारी एजेंसी का विज्ञापन राजस्व मौजूदा मंदी के बावजूद सामान्य रहा है। हम राज्य में सालाना 2 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल करते हैं।