कंपनियां

PTC India का बढ़ रहा बिजली का बिजनेस, कंपनी को कारोबार में 20 फीसदी इजाफे की उम्मीद: CMD

कंपनी को भूटान, नेपाल और बांग्लादेश के साथ बिजली का कारोबार करने का भी अधिकार है

Published by
भाषा   
Last Updated- July 02, 2023 | 4:47 PM IST

बिजली कारोबार से जुड़े समाधान मुहैया कराने वाली कंपनी पीटीसी इंडिया लिमिटेड (PTC India Limited) ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान अपने बिजली कारोबार की मात्रा में 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।

पीटीसी इंडिया के CMD राजीव कुमार मिश्रा ने यह जानकारी देते हुए कहा कि कंपनी को 2023-24 के दौरान कारोबार में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है। PTC India की व्यापारिक गतिविधियों में बड़ी बिजली परियोजनाओं से पैदा होने वाली बिजली का दीर्घकालिक कारोबार और आपूर्ति तथा मांग में अंतर से पैदा होने वाला अल्पकालिक कारोबार शामिल हैं।

कंपनी को भूटान, नेपाल और बांग्लादेश के साथ बिजली का कारोबार करने का भी अधिकार है। कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (MD) मिश्रा ने कहा कि पहली तिमाही के परिचालन प्रदर्शन के आधार पर वह चालू वित्त वर्ष में वृद्धि संभावनाओं को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

उन्होंने कहा, ‘चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में हमारे दैनिक बिजली कारोबार की मात्रा सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़ गई। हमने 25 जून को 300 एमयू प्रति दिन की कारोबारी मात्रा को पार कर लिया है, जो इस वित्त वर्ष में सबसे अधिक है। हमें उम्मीद है कि पूरे साल में कारोबारी मात्रा 20 प्रतिशत बढ़ेगी।’

पिछले सप्ताह आयोजित एक असाधारण आम बैठक (EGM) में पीटीसी इंडिया के शेयरधारकों ने कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के रूप में मिश्रा की नियुक्ति को मंजूरी दी थी।

First Published : July 2, 2023 | 4:47 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)