पावर ग्रिड का कर बाद लाभ 6 फीसदी बढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 3:31 AM IST

सरकारी स्वामित्व वाली पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड का कर पश्चात लाभ वित्त वर्ष 2020-21 में 6 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 12,036 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी की शुद्ध आय इस दौरान 9 फीसदी बढ़कर 40,824 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। मार्च 2021 में समाप्त तिमाही में कंपनी की कुल आय 10,816 करोड़ रुपये रही जबकि शुद्ध लाभ 3,526 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने एक्सचेंज को भेजे बयान में कहा, कंपनी ने वित्त वर्ष 21 में 11,284 करोड़ रुपये पूंजीगत खर्च किया और 21,467 करोड़ रुपये की परिसंपत्ति को पूंजीकृत किया।
पावर ग्रिड की परिसंपत्ति की औसत ट्रांसमिशन सिस्टम उपलब्धता वित्त वर्ष 21 में 99.76 फीसदी रही।
पहली बार कंपनी के निदेशक मंडल ने शेयरधारकों को 1.3 अनुपात में बोनस शेयर देने के लिए कॉमन शेयर जारी करने की सिफारिश की। इसके अलावा निदेशक मंडल ने 3 रुपये प्रति शेयर के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है, जो वित्त वर्ष 21 के लिए पहले दिए जा चुके 9 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम लाभांश के अतिरिक्त है। साल के लिए लाभांश की कुल रकम 12 रुपये हो गई है, जो एक साल पहले 10 रुपये प्रति शेयर थी। वित्त वर्ष 21 के आखिर में कंपनी व उसकी सहायकों की की कुल पारेषण परिसंपत्ति 1,69,829 सीकेएम ऑफ ट्रांसमिशन लाइंस थी।
प्रावधान से एवरेडी को झटका
इंटर-कॉरपोरेट डिपॉजिट के बकाए पर प्रावधान और जमीन के सौदे पर 629.70 करोड़ रुपये की अग्रिम पूंजी को बट्टे खाते में डाले जाने के कारण बैटरी निर्माता एवरेडी इंडस्ट्रीज इंडिया का एकीकृत शुद्ध नुकसान मार्च तिमाही में 442.53 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले साल की समान अवधि में कंपनी को 63.07 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
कंपनी का शेयर हालांकि बीएसई पर 6.11 फीसदी चढ़कर 333.35 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का परिचालन राजस्व 21.67 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 272.63 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि में 224.08 करोड़ रुपये रहा था।
वित्त वर्ष 2020-21 में परिचालन राजस्व 1,248.99 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 1,221.09 करोड़ रुपये रहा था। विशिष्ट आइटम व कर से पूर्व कंपनी का लाभ 119 फीसदी बढ़कर 147.27 करोड़ रुपये रहा। हालांकि प्रावधान के कारण कंपनी का शुद्ध नुकसान 311.52 करोड़ रुपये रहा जबकि पहले उसे 178.29 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था।
कंपनी के प्रबंध निदेशक अमृतांशु खेतान ने कहा, कंपनी ने अब तक का सबसे ज्यादा परिचालन लाभ अर्जित किया है जबकि कोविड के कारण साल चुनौतीपूर्ण था। हम परिचालन दक्षता पर ध्यान बनाए रखेंगे।

First Published : June 18, 2021 | 11:17 PM IST