पेटीएम और फर्म के मुख्य कार्याधिकारी विजय शेखर शर्मा, रहेजा क्यूबीई जनरल इंश्योरेंस का अधिग्रहण करीब 568 करोड़ रुपये में करेंगे ताकि कंपनी के कामकाज का विस्तार किया जा सके। सूत्रों ने कहा कि इस सौदे की कीमत 568 करोड़ रुपये है। प्रिज्म जॉनसन की तरफ से दी गई नियामकीय सूचना के मुताबिक, रहेजा क्यूबीई की बिक्री क्यूऑरक्यूएल को होगी। यह एक तकनीकी कंपनी है, जिसमेंं बहुलांश हिस्सेदारी विजय शेखर शर्मा के पास है जबकि बाकी हिस्सेदारी पेटीएम की है।
पेटीएम, प्रिज्म जॉनसन की 51 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी और क्यूबीई ऑस्ट्रेलिया की रहेजा क्यूबीई में 49 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी और इस तरह से पूरा स्वामित्व उसके पास आ जाएगा। यह अधिग्रहण अगले साल 31 मार्च तक पूरा होने की उम्मीद है, जो बीमा नियामक आईआरडीएआई और अन्य नियामकों की मंजूरी पर निर्भर करेगा।
पेटीएम के अध्यक्ष अमित नैयर ने कहा, पेटीएम की वित्तीय सेवा यात्रा में यह मील का पत्थर है और हम रहेजा क्यूबीई को परिवार में शामिल करते हुए खुशी महसूस कर रहे हैं। उसकी मजबूत प्रबंधन टीम हमें बेहतर सामान्य बीमा कंपनी बनाने में मदद करेगा, जिसके साथ नवोन्मेषी व अफोर्डेबल बीमा योजनाएं होंगी। नियामकीय सूचना के मुताबिक, रहेजा क्यूबीई का राजस्व 31 मार्च को 189.46 करोड़ रुपये और हैसियत 154.38 करोड़ रुपये थी। प्रिज्म जॉनसन के प्रबंध निदेशक विजय अग्रवाल ने कहा, हिस्सेदारी बेचने का हमारा फैसला शेयरधारकों के लिए स्थायी वैल्यू सृजन की हमारे मिशन के मुताबिक है और यह हमें अपने प्रमुख कारोबार में अपने संसाधनोंं के साथ ध्यान देने में सक्षम बनाएगा।
क्यूबीई ऑस्ट्रेलिया पैसिफिक के मुख्य कार्याधिकारी विवेक भाटिया ने कहा, यह घोषणा कारोबार को सुगम बनाने की क्यूबीई की रणनीति और रहेजा क्यूबीई में हमारी मजबूत टीम के लिए नए चैप्टर की शुरुआत को रेखांकित करती है।