जापानी ऑटो निर्माता निसान मोटर कॉर्पोरेशन की योजना अपनी छोटी कारों को कंपनी के चेन्नई के नजदीक बनने वाले कारों के संयंत्र में बनाने की है।
कंपनी ने हाल ही में इन्नोर पोर्ट लिमिटेड (ईपीएल) के साथ कारों को यूरोप में बंदरगाह के जरिये निर्यात करने के लिए करार किया है। निसान मोटर (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शौहेई किमुरा ने सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करने के बाद बताया कि चेन्नई के नजदीक ओरेगदम संयंत्र में बनाए जाने वाले नौ मॉडलों में से छोटी कार ‘नेक्स्ट जेन मार्च’ एक होगी। इस कार के चेन्नई संयंत्र में 2010 तक बनाए जाने की उम्मीद है। उन्होंने निवेश और संयंत्र में बनाए जाने वाली कारों के आंकड़ों का खुलासा नहीं किया।
उन्होंने बताया कि निसान के संयंत्र के नजदीक लगभग 50 वेंडर कंपनी को कच्चे माल की आपूर्ति करने के लिए वहां अपनी इकाइयां लगा सकते हैं।जहां किमुरा ने वेंडरों की ओर से अनुमानित निवेश पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि वेंडर यहां 1,000 करोड़ से 1,5000 करोड़ रुपये तक निवेश कर सकते हैं। उम्मीद है कि निसान का संयंत्र 2010 से उत्पादन का शुरू कर देगा और उसकी क्षमता स्थानीय और विदेशी बाजारों के लिए कुल मिलाकर 4,00,000 कारें सालाना रहेगी।
कंपनी की योजना चेन्नई से इन्नोर बंदरगाह के जरिये लगभग 1,10,000 वाहन 2011 में यूरोप में निर्यात करने की है। निसान मोटर्स (इंडिया) के कॉर्पोरेट उपाध्यक्ष तोशी फुमी हिराई का कहना है कि निर्यात की क्षमता को कुछ समय बाद बढ़ाकर 1,80,000 वाहन कर दिया जाएगा।
इन्नोर पोर्ट लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस वेलुमणि का कहना है कि बंदरगाह बहुपयोगी कार्गो बर्थ के लिए 110 करोड़ रुपये निवेश करेगा।