रिलायंस जियो ने कहा है कि दूसरी तिमाही में 1.1 करोड़ ग्राहकों का नुकसान महज लेखांकन सुधार के कारण दिखा था और कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर उसका कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं रहा।
जियो हाल में खरीदे गए स्पेक्ट्रम को चालू करते हुए नए ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने की रफ्तार बढ़ाने की कोशिश कर रही है। रिलायंस जियो इन्फोकॉम के अध्यक्ष किरण थॉमस ने कहा कि कंपनी 2जी सेवाओं का उपयोग करने वाले ग्राहकों को लक्ष्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जियो सबसे पसंदीदा दूरसंचार सेवा प्रदाता बन गई है और उसके नेटवर्क पर पोर्ट कराने वाले ग्राहकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
हालांकि जेफरीज और जेएम फाइनैंशियल इंस्टीट्यूशनल सिक्योरिटीज के विश्लेषकों ने कहा कि दूसरी तिमाही में जियो को हुए ग्राहकों का नुकसान निराशाजनक रहा। जेफरीज ने दूसरी तिमाही में कमजोर प्रदर्शन के मद्देनजर वित्त वर्ष 2022-24 के लिए जियो के राजस्व, एबिटा और मुनाफा अनुमान में कटौती की है। दोनों ब्रोकरेज का मानना है कि यदि ग्राहकों की संख्या में गिरावट का रुख बरकरार रहा तो जियो अपना ग्राहक आधार सुदृढ़ करने के लिए शुल्क वृद्धि की होड़ में शामिल नहीं होगी।
जियो ने पिछली तीन तिमाहियों के दौरान 3.4 करोड़ नए ग्राहक जोड़े हैं लेकिन दूसरी तिमाही के दौरान उसके ग्राहकों की संख्या में क्रमिक आधार पर उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी ने दूसरी तिमाही के दौरान 1.1 करोड़ ग्राहकों के नुकसान के लिए कोविड-19 के प्रभाव को जिम्मेदार ठहराया है। दूसरी तिमाही के अंत में जियो के ग्राहकों की संख्या 42.95 करोड़ थी।
कंपनी ने कहा कि वैश्विक महामारी के दौरान बड़ी तादाद में निचले तबके के ग्राहकों को मुफ्त सेवाओं की पेशकश की गई थी लेकिन वे समय पर रीचार्ज कराने में विफल रहे। थॉमस ने कहा, ‘ऐसे ग्राहकों को 90 दिनों तक ग्राहक आधार में बरकरार रखने की हमारी नीति है। इसलिए दो तिमाही पहले रीचार्ज बंद कर चुके ग्राहकों का वास्तव में कोई खास प्रभाव नहीं पड़ता बल्कि ग्रहकों की संख्या में गिरावट के तौर पर उसकी झलक अब दिख रही है।’
दूरसंचार नियामक प्राधिकरण ट्राई के दिशानिर्देशों के अनुपालन के लिए दूरसंचार कंपनियों को रीचार्ज खत्म होने के बाद 90 दिनों तक ग्राहकों को सक्रिय ग्राहक आधार में बरकरार रखा जाता है और सभी कंपनियां उसी के अनुरूप अपने आंकड़े प्रस्तुत करती हैं। हालांकि तिमाही नतीजे के मोर्चे पर एयरटेल और वोडाफोन आइडिया केवल उन्हीं ग्राहकों को रिपोर्ट करती हैं जिन्होंने पिछले 30 दिनों के भीतर रीचार्ज किया है अथवा राजस्व में योगदान किया है।
रिलायंस जियो प्लेटफॉर्म का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2021-22 की दूसरी तिमाही में 23.4 फीसदी बढ़कर 3,728 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व 6.9 फीसदी बढ़कर 19,777 करोड़ रुपये हो गया जबकि एबिटा 16.5 फीसदी बढ़कर 9,294 करोड़ रुपये हो गई।