शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड ने शुक्रवार को कहा कि शेयरधारक समझौते के तहत निवेशकों के पास CEO या प्रबंधन में बदलाव पर कोई मतदान अधिकार नहीं है। कंपनी Byju’s ब्रांड नाम के तहत काम करती है।
Byju’s के कम से कम छह निवेशकों ने कंपनी के प्रमुख से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने और कंपनी पर संस्थापकों का नियंत्रण खत्म करने के लिए एक असाधारण आम बैठक (EGM) बुलाई है।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड ने दुख के साथ कुछ चुनिंदा निवेशकों के बयान को संज्ञान में लिया है, जिसमें संस्थापक और समूह सीईओ बायजू रवींद्रन को बदलने के लिए EGM की मांग की गई है। इन दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में, हम यह बताना चाहेंगे कि शेयरधारक समझौता उन्हें CEO या प्रबंधन में बदलाव पर वोट देने का अधिकार नहीं देता है।’
EGM बुलाने के लिए भेजी गई नोटिस में नीदरलैंड की निवेश कंपनी प्रोसस के नेतृत्व में निवेशकों ने प्रशासन के मुद्दों, वित्तीय कुप्रबंधन और अनुपालन मुद्दों के समाधान तथा निदेशक मंडल के पुनर्गठन का अनुरोध किया है।