जापानी कंपनी होंडा की सहायक इकाई होंडा मोटरसाइकिल ऐंड स्कूटर लिमिटेड (एचएमएसआईएल) और होंडा की भारतीय साझेदार हीरो होंडा के बीच ठन सकती है।
इसकी वजह यह है कि एचएमएसआईएल भारतीय बाजार में 100 सीसी की बाइक उतारने की तैयारी कर रही है, जबकि इस सेगमेंट में हीरो होंडा की बाजार हिस्सेदारी सर्वाधिक है।
एचएमएसआईएल की भारतीय दोपहिया बाजार में करीब 14 फीसदी हिस्सेदारी है और मुख्य रूप से 125 और 150 सीसी की बाइक व स्कूटर बनाती है। हालांकि बाइक से ज्यादा उसकी स्कूटरों की बिक्री होती है।
हालांकि अब इस ट्रेंड में बदलाव हो सकता है, क्योंकि एचएमएसआईएल अब 100 सीसी के सेगमेंट में उतर रही है। इससे हीरो होंडा, जिसमें होंडा की करीब 26 फीसदी हिस्सेदारी है, को परेशानी हो सकती है।
एचएमएसआईएल के सीईओ और अध्यक्ष शिंजी ओयोमा का कहना है कि होंडा वर्ष 2010 तक 100 सीसी की बाइक लाने में जुटी है और कंपनी के मुताबिक, वह सालाना एक लाख बाइकों की बिक्री करेगी। ये बाइक साधारण लुक के नहीं होंगे, बल्कि इसे स्पोर्टी लुक में डिजाइन किया जाएगा।
यही नहीं, कंपनी की योजना अगले कुछ वर्षों में कुल बिक्री में बाइक की हिस्सेदारी करीब 50 फीसदी करने की है। मौजूदा समय में होंडा की कुल बिक्री में स्कूटरों की हिस्सेदारी 65 फीसदी है। जानकारों का कहना है कि होंडा 100 सीसी के बाजार में आक्रामक तरीके से उतरने की तैयारी कर रही है। इससे हीरो होंडा के लिए परेशानी बढ़ सकती है, क्योंकि 100 सीसी के सेगमेंट में इसकी हिस्सेदारी करीब 80 फीसदी है, जबकि हीरो होंडा की कुल बिक्री में इस सेगमेंट की भागीदारी 60 फीसदी है।
प्रतिद्वंद्वी कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि होंडा स्कूटर पर ही ध्यान दे रही थी और 100 सीसी को उसने छोड़ रखा था, लेकिन इस पहल से हीरो होंडा और होंडा के बीच टकराव हो सकता है। हालांकि दोनों कंपनियों का कहना है कि इसमें प्रतिस्पद्र्धा वाली कोई बात नहीं है और बाजार में दोनों कंपनियों के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं।
हीरो होंडा के उपाध्यक्ष (सेल्स ऐंड मार्केटिंग) अनिल दुआ का कहना है कि हीरो होंडा की ब्रांड वैल्यू भी है। होंडा के बाजार में आने से किसी तरह की परेशानी की बात नहीं है। एचएमएसआईएल का कहना है कि कंपनी 100 सीसी सेगमेंट में उस क्षेत्रों पर ध्यान देगी, जहां साझेदार कंपनी की भागीदार कम हो।