एचसीएल टेक का शुद्ध‍ लाभ 7 फीसदी बढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:47 PM IST

एचसीएल टेक का एकीकृत शुद्ध‍ लाभ वित्त वर्ष 23 की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 7.09 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 3,489 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने कहा कि पिछले साल की समान अवधि में उसका शुद्ध‍ लाभ 3,258 करोड़ रुपये रहा था।

आईटी दिग्गज का राजस्व इस अवधि में 19.5 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 24,686 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 20,655 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी का सेवा कारोबार सालाना आधार पर 18.9 फीसदी बढ़ा, जिसे क्लाउड, इंजीनियरिंग और डिजिटल सेवा में मजबूत मांग से सहारा मिला।
कंपनी के अनुमान के मुताबिक, एचसीएल टेक का सेवा राजस्व वित्त वर्ष 23 में सालाना आधार पर 16 से 17 फीसदी बढ़ सकता है। स्थायी मुद्रा के लिहाज से राजस्व में बढ़ोतरी का कुल अनुमान बढ़ाकर 13.5 फीसदी से 14.5 फीसदी कर दिया गया है।
क्रमिक आधार पर कंपनी का शुद्ध‍ लाभ पिछली तिमाही के 3,283 करोड़ रुपये के मुकाबले 6.3 फीसदी बढ़ा। राजस्व में भी पहली तिमाही के 23,464 करोड़ रुपये के मुकाबले 5.2 फीसदी की उछाल दर्ज हुई।
कंपनी के सीईओ व प्रबंध निदेशक सी. विजयकुमार ने कहा, एचसीएल टेक ने एक और तिमाही में अच्छे नतीजे पेश किए हैं। यह हमारी उस रणनीति पर मुहर लगाता है जो हमने बनाए और परिचालन के मोर्चे पर यह प्रभावी रहा। हमारी बुकिंग आदि मजबूत रही, जो भविष्य में बढ़त के लिए बेहतर है।
कंपनी का एबिटा मार्जिन पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले एक फीसदी घट गया। तिमाही में मार्जिन घटकर 18 फीसदी रह गया। एचसीएल टेक के मुख्य वित्त अधिकारी प्रतीक अग्रवाल ने कहा, क्रमिक आधार पर हमने एबिटा मार्जिन के मोर्चे पर सुधार दर्ज किया है जबकि कर्मचारियों की वेतन बढ़ोतरी  का असर कंपनी पर पड़ा। 
तिमाही में कंपनी ने 8,359 कर्मचारी जोड़े और कुल कर्मचारियों​ की संख्या 2,19,325 हो गई। आईटी सेवा  कारोबार में नौकरी छोड़ने की दर 23.8 फीसदी के उच्चस्तर पर बनी रही।

 

First Published : October 12, 2022 | 10:37 PM IST