टाइटन इंडस्ट्रीज लिमिटेड का मशहूर ब्रांड फास्टट्रैक अपना कारोबार बढ़ाने जा रही है। फास्टट्रैक के मुताबिक, वह जल्द ही टेलीफोन और डिस्कोथेक के कारोबार में उतरेगी।
ब्रांड के कारोबार प्रमुख रोनी तलाटी ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि वह अप्रैल 2010 के बाद हेलमेट और फुटवियर भी बनाएगी।
तलाटी के मुताबिक, ”फास्टट्रैक अब केवल घड़ी का ब्रांड नहीं रहेगा। हमारी योजना युवाओं की हर जरूरत पूरा करने वाले ब्रांड के तौर पर उभरने की है। हम पहले से ही प्रॉडक्ट सेगमेंट में हैं, लेकिन अब हम सेवा क्षेत्र में भी उतरने जा रहे हैं।”
इन नए स्टोरों में अब बैग, रिस्टबैंड, बेल्ट, लैपटॉप बैग और वॉलेट भी बेचे जाएंगे। फास्टट्रैक और न्यू ब्रांड्स के विपणन प्रमुख सिमरन भसीन ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया, ”हमारे उत्पाद लोगों तक पहुंच बनाए रखने के इरादे से तैयार किए जाएंगे। इनकी कीमत 195 रुपये से 1,695 रुपये के बीच होगी। ये सभी प्रमुख स्टोरों और मॉलों में उपलब्ध होंगे।”
फास्टट्रैक की योजना अप्रैल 2010 तक देश में 50 स्टोर खोलने की है, इनमें से 4 की मालिक कंपनी ही होगी। बाकी फ्रेंचाइजियों के जरिए चलाया जाएगा। वह इसके लिए 500 वर्गफीट के हर स्टोर में 50 लाख रुपये का निवेश करेगी।