नए साल पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी एम्फेसिस के कर्मचारियों के वेतन पर गाज गिर सकती है।
एम्फेसिस अपने सभी कर्मचारियों का वेतन 20-40 फीसदी तक घटाने की योजना पर विचार कर रही है। कंपनी अपने कर्मचारियों के काम-काज का आकलन कर रही है और इसी आधार पर कर्मचारियों के वेतन में कटौती की जाएगी।
उद्योग और कंपनी के सूत्रों का कहना है कि सभी कर्मचारियों के वेतन में 20 फीसदी की कटौती होना तो तय है लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों के लिए यह आंकड़ा 40-45 फीसदी के बीच हो सकता है।
कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि वेतन में कटौती का यह फैसला ऊंचे स्तर पर किया गया है। कंपनी वेतन में बदलाव की घोषणा फरवरी में करने वाली है, जबकि यह कटौती जनवरी से लागू होगी।
हाल ही में मुख्य कार्याधिकारी जय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने कंपनी को अलविदा क हा है। इसके साथ ही कंपनी पुनर्गठन की योजना भी बना रही है। माना जा रहा है कि कंपनी के 600 कर्मचारियों पर इसकी गाज गिर सकती है।
हाल ही में एचपी ने एम्फेसिस में बहुलांश हिस्सेदारी रखने वाली कंपनी ईडीएस का अधिग्रहण किया है। इसीलिए विशेषज्ञों का मानना है कि यह सब एचपी के साथ पुनर्गठन करने की प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है।
पिछले तीन महीनों में एम्फेसिस ने लगभग 28,000 कर्मचारियों की नियुक्ति की थी। लेकिन एचपी के साथ हुए करार के बाद कर्मचारियों ने नौकरी जाने के डर से पहले ही कंपनी को अलविदा कह दिया।
इस बारे में कंपनी ने किसी भी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया। जबकि कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी किसी भी अफवाह पर प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं समझती है।