यूनाइटेड स्पिरिट्स में हिस्सेदारी खरीदने के फैसले पर भले ही दुनिया की सबसे बड़ी शराब कंपनी डियाजियो अभी तक कोई फैसला नहीं ले पाई हो। लेकिन भारत में अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करने को लेकर डियाजियो पूरी तरह तैयार है।
कंपनी इस साल अपने अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो में से कई ब्रांड भारत में उतारने की योजना बना रही है। इसकी शुरुआत डियाजियो देश में केटल वन वोदका से करेगी।
वोदका की सुपर प्रीमियम ब्रांड केटल वन उत्तरी अमेरिका में काफी पसंद की जाती है। वोदका की श्रेणी में ही कंपनी की स्मरनोफ और अल्ट्रा प्रीमियम ब्रांड सिरॉक पहले से ही मौजूद हैं।
केटल वन के बाद कंपनी जकापा रम और डॉन जुलियो टकीला भी भारतीय बाजार में पेश करेगी। कंपनी भारतीय बाजार से होने वाली कमाई का 10 फीसदी हिस्सा यहां अपने कारोबार को बढ़ाने और नए ब्रांड उतारने के लिए निवेश करेगी। कंपनी ने साल 2011 तक भारत से लगभग 3,560 करोड़ रुपये की कमाई करने की योजना बनाई है। कंपनी इसी योजना के तहत देश में नई ब्रांड पेश कर रही है।
डियाजियो इंडिया के निदेशक (मार्केटिंग) संतोष कानेकर ने बताया, ‘इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए हम नई इकाई लगाने के साथ ही अधिग्रहण और विलय के विकल्पों पर भी विचार कर रहे हैं।’ देश में लक्जरी शराब के बाजार में डियाजियो की हिस्सेदारी 20 फीसदी हो गई है। जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 10-12 फीसदी के बीच ही था।
कंपनी अपनी प्रमुख ब्रांड जॉनी वॉकर, स्मरनोफ और बेलीज के साथ ही तेजी से बाजार पर अपनी पक ड़ बनाती कैप्टन मॉर्गन रम और शार्क टूथ वोदका को भी बढ़ावा देगी। कानेकर ने बताया, ‘वितरण के मामले में इन ब्रांडों की मांग सबसे अधिक है। ‘ इसके अलावा डियाजियो ने रेडिको खेतान के साथ संयुक्त उपक्रम के तहत प्रीमियम व्हीस्की ब्रांड मास्टरस्ट्रोक को भी बाजार में उतारा है।
कंपनी की योजना बाजार में इस ब्रांड की हिस्सेदारी को भी बढ़ाने की है। बाजार में आने के एक साल में ही इस ब्रांड की सालाना बिक्री लगभग 1 लाख केस हो गई थी। हालांकि बाद में इसकी मांग में कमी देखी गई।
महिला उपभोक्ताओं को लुभाने के लिए कंपनी अपनी ब्रांड बैलीज को भी बढ़ावा देगी। कानेकर ने बताया, ‘हम चाहते हैं कि पिए जाने वाले हर तीन ड्रिंक्स में से एक बैलीज का हो।’ डियाजियो की वोदका ब्रांड शार्क टूथ का आसवन और बॉटलिंग भारत में ही की जाती है।
उन्होंने बताया, ‘हम इस ब्रांड को टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी ले जाना चाहते हैं। हम इसे बाकी राज्यों में भी बेचने की योजना बना रहे हैं। फिलहाल यह सिर्फ 5 राज्यों में ही बिकती है। ‘
बढ़ेगा भारत में कंपनी का पोर्टफोलियो
सबसे पहले कंपनी केटल वन वोदका बाजार में उतारेगी
इसके बाद जकापा रम और डॉन जुलियो टकीला आएगी भारत
देश के लक्जरी शराब बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी 10-12 फीसदी से बढ़कर र्हुई 20 फीसदी
शार्क टूथ वोदका को टियर-2,टियर-3 शहरों तक पहुंचाएगी
महिला उपभोक्ताओं की ब्रांड बैलीज पर देगी खास ध्यान