कंपनियां

Colgate-Palmolive India Q3 Results: कंपनी ने दर्ज किया 35.7 फीसदी का नेट प्रॉफिट, टोटल इनकम भी बढ़ी

Colgate-Palmolive India ने कहा कि शहरी इलाकों के कंज्यूमर्स ने ज्यादा खरीदारी की, जिसकी वजह से कंपनी की औसत आय बढ़ गई।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- January 22, 2024 | 5:45 PM IST

पर्सनल और ओरल केयर प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी कोलगेट-पॉमोलिव इंडिया (olgate-Palmolive India) ने आज यानी 22 जनवरी को वित्त वर्ष 24 की तीसरी तिमाही (FY24Q3) के रिजल्ट्स जारी कर दिए हैं। एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में कंपनी ने बताया कि उसने चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में 35.7 फीसदी के साथ 330 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है।

पिछले साल की समान तिमाही (FY23Q3) में कंपनी ने 243 करोड़ रुपये का नेट मुनाफा दर्ज किया था। कंपनी ने बताया कि उसकी परफॉर्मेंस इस तिमाही में शहरी इलाकों में बढ़ी मांग और खर्च में गिरावट के कारण हुआ है।

बढ़ी टोटल इनकम

कोलगेट पॉमोलिव की टोटल इनकम में भी 31 दिसंबर को समाप्त तिमाही में बढ़ोतरी देखने को मिली। कंपनी ने इस तिमाही में सालाना आधार पर (YoY) 1413.54 करोड़ रुपये की टोटल इनकम दर्ज की है। जबकि, पिछले साल की समान अवधि में यह 1301.68 करोड़ रुपये थी। हालांकि तिमाही आधार पर (QoQ) इसकी टोटल इनकम में कमी आई है। सितंबर तिमाही में कंपनी ने 1492.10 करोड़ रुपये की टोटल इनकम दर्ज की थी।

कंपनी ने कहा कि शहरी इलाकों के कंज्यूमर्स ने ज्यादा खरीदारी की, जिसकी वजह से कंपनी की औसत आय बढ़ गई।

कम इन्वेंट्री और कच्चे माल की लागत में कमी की वजह से कंपनी के कुल खर्च में 0.5% की गिरावट आई। एक साल पहले की समान अवधि में 974.75 करोड़ रुपये के मुकाबले इस तिमाही में इसका कुल खर्च घटकर 970.14 करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि सितंबर तिमाही में यह 1034.29 करोड़ रुपये था।

बढ़ी बिक्री

अमेरिकी कंज्यूमर गुड्स बनाने वाली इस कंपनी की भारतीय ब्रांच की बिक्री 8.2 फीसदी बढ़कर 1,386 करोड़ रुपये हो गई। इसके पीछे की मुख्य वजह कंपनी की ओरल केयर कैटेगरी में सुधार मानी जा रही है।

बढ़ा रेवेन्यू

Colgate-Palmolive India का ऑपरेशन से रेवेन्यू भी दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर बढ़कर 1386.41 करोड़ रुपये हो गया है। जबकि, पिछले साल की समान अवधि में यह 1281.21 करोड़ रुपये था। सितंबर तिमाही में कंपनी ने 1462.38 करोड़ रुपये का ऑपरेशन से रेवेन्यू दर्ज किया था।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, CEO प्रभा नरसिम्हन ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने तिमाही के दौरान एक कैंपेन भी चलाया जो शहरी भारत में 30 करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंचा।

गौरतलब है कि इसकी प्रतिस्पर्धी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर ने भी शुक्रवार को अपने तिमाही रिजल्ट्स जारी किए थे। लेकिन, ग्रामीण बाजारों में मांग कमजोर होने के कारण प्रॉफिट उम्मीद से कम रहा।

शेयरों का हाल

इस साल अब तक कोलगेट-पामोलिव के शेयरों में 0.26% की बढ़ोतरी हुई है, जबकि निफ्टी FMCG इंडेक्स में 1.8% की गिरावट आई है। पिछले कारोबारी दिन में BSE पर कंपनी का शेयर 1.77 फीसदी की उछाल के साथ 2534.15 रुपये पर बंद हुआ था। आज यानी सोमवार को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के कारण शेयर बाजार बंद थे।

First Published : January 22, 2024 | 5:45 PM IST