कंपनियां

BPCL अगले पांच सालों में 1.7 लाख करोड़ रुपये का करेगी निवेश

BPCL अपनी तेल शोधन क्षमता बढ़ाने, पेट्रोकेमिकल व्यवसाय का विस्तार करने और स्वच्छ ईंधन क्षेत्र में अपनी उपस्थिति मजबूत करने पर भी ध्यान केंद्रित करेगी।

Published by
भाषा   
Last Updated- May 10, 2024 | 10:29 PM IST

सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम विपणन कंपनी बीपीसीएल ने अपने मुख्य कारोबार तेल शोधन, ईंधन विपणन और पेट्रोकेमिकल के अलावा स्वच्छ ईंधन में अगले पांच वर्षों में 1.7 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बनाई है।

भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के चेयरमैन जी कृष्णकुमार ने शुक्रवार को तिमाही नतीजों पर विश्लेषकों के साथ चर्चा के दौरान यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पांच साल की रणनीतिक रूपरेखा ‘प्रोजेक्ट एस्पायर’ के तहत बीपीसीएल ने अपनी तेलशोधन क्षमता बढ़ाने, पेट्रोकेमिकल व्यवसाय और स्वच्छ ईंधन क्षेत्र में अपनी उपस्थिति का विस्तार करने की योजना बनाई है।

कृष्णकुमार ने कहा, ‘हमारी रणनीति दो मूलभूत स्तंभों- ‘प्रमुख कारोबार को आगे बढ़ाने’ और ‘भविष्य के बड़े दांव में निवेश’ पर आधारित है। इससे न केवल दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की बढ़ती ईंधन मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी बल्कि कंपनी को 2040 तक शुद्ध रूप से शून्य कार्बन उत्सर्जन प्राप्त करने के अपने लक्ष्य को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।’

First Published : May 10, 2024 | 10:29 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)