कमोडिटी

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बाद रुपया कमजोर, डॉलर के मुकाबले 11 पैसे गिरकर 90.43 पर बंद

पिछले सत्र में तेज बढ़त के बाद भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की शर्तों को लेकर निवेशकों की ओर से अधिक स्पष्टता की प्रतीक्षा के कारण बुधवार को भारतीय रुपया कमजोर पड़ गया

Published by
भाषा   
Last Updated- February 04, 2026 | 10:00 PM IST

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमति की घोषणा के बाद पिछले कारोबारी सत्र में आई तेजी के बाद बुधवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 11 पैसे गिरकर 90.43 (अस्थायी) पर आ गया। यह गिरावट कॉरपोरेट और आयातकों द्वारा डॉलर की संभावित खरीदारी के कारण हुई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमति के बाद सकारात्मक माहौल के बावजूद अभी भी सावधानी बरतनी चाहिए क्योंकि अभी तक कोई हस्ताक्षरित या आधिकारिक रूप से जारी व्यापार समझौता नहीं हुआ है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.35 पर खुला और कारोबार के दौरान 90.26 के उच्चस्तर तथा 90.54 के निचले स्तर घूमता रहा। अंत में घरेलू मुद्रा 90.43 (अस्थायी) पर बंद हुई, जो पिछले बंद स्तर से 11 पैसे कम है।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर मंगलवार को सहमति होने के बाद भारतीय रुपया एशिया की सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बनकर उभरा था। उस दिन रुपये ने एक ही कारोबारी सत्र में 117 पैसे या 1.28 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़त दर्ज की थी और अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 90.32 पर बंद हुआ था। पिछले सत्र में तेज बढ़त के बाद भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की शर्तों को लेकर निवेशकों की ओर से अधिक स्पष्टता की प्रतीक्षा के कारण बुधवार को भारतीय रुपया कमजोर पड़ गया।

First Published : February 4, 2026 | 9:52 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)