पारिवारिक फर्मों का प्रदर्शन बेहतर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 15, 2022 | 2:40 AM IST

वैश्विक तौर पर परिवार के स्वामित्व वाली कंपनियों ने कोविड-19 महामारी के बावजूद गैर-पारिारिक स्वामित्व वाले समूहों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। अपनी औसत से ज्यादा रक्षात्मक रणनीति से इन कंपनियों को तुलनात्मक तौर पर अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिली।
इन व्यवसायों ने वर्ष के पहले 6 महीनों में गैर-पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनियों के मुकाबले करीब 3 प्रतिशत तक अच्छा प्रदर्शन किया। क्रेडिट सुइस द्वारा जारी ‘द फैमिली 1000: पोस्ट द पेंडेमिक’ रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। क्रेडिट सुइस ने 260 से ज्यादा कंपनियों पर सर्वे कराया है। बेहतर प्रदर्शन 6.2 और 5.1 प्रतिशत के साथ यूरोप और एशिया-प्रशांत (जापान को छोड़कर) में मजबूत था। जापान में पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनियों ने इस अवधि के दौरान गैर-पारिवारिक स्वामित्व वाली प्रतिस्पर्धी कंपनियों के प्रदर्शन को 30.1 प्रतिशत तक मात दी।
क्रेडिट सुइस इडिया के प्रबंध निदेशक एवं कंट्री सीईओ मिहिर दोशी ने कहा, ‘परिवार के स्वामित्व वाली कंपनियों (वे भी शामिल हैं जो हमारे प्रॉपराइटरी डेटाबेस में भारत से हैं) ने वृद्घि और मुनाफे में सुधार के संकेत दिए हैं और मौजूदा कोविड-19 महामारी का मुकाबला किया है।’
हालांकि सर्वे में संकेत दिया गया है कि इन व्यवसायों के जल्द सामान्य स्थिति में लौटने की संभावना नहीं है। 145 पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनियों में से सिर्फ 40 कंपनियां 12 महीने के अंदर राजस्व और मुनाफे को लेकर कोविड से पहले जैसी स्थिति में आ सकती हैं।
पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनियों ने गैर- पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनियों की तुलना में अपने स्टाफ को छुट्टी पर भेजने का सहारा कम (46 प्रतिशत बनाम 55 प्रतिशत) लिया। सहायक कार्यक्रम यूरोप या अमेरिका के बजाय एशिया में ज्यादा केंद्रित रहे। रिपोर्ट में कहा गया है कि  यह इन क्षेत्रों में सरकार-प्रायोजित सहायक कार्यक्रमों की अच्छी उपलब्धता को दर्शाता है।
गैर-पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनियों की तुलना में पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनियों में औसत तौर पर बेहतर ईएसजी की संभावना रही है। इस संपूर्ण श्रेष्ठ प्रदर्शन को पिछले चार वर्षों में मजबूती मिली है। पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनियां कोविड-19 महामारी की शुरुआत के बाद से सोशल पॉलिसी पर ज्यादा केंद्रित रही हैं, उन्होंने मानवाधिकार जैसे कारकों पर गैर- पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनियों को पीछे छोड़ा है।
ब्रोकरेज के दीर्घावधि विश्लेषण से पता चलता है कि पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनियों की ‘अल्फा क्रेडेंशियल’ गैर-पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनियों के मुकाबले मजबूत बनी हुई है। 1,000 से ज्यादा सूचीबद्घ पारिवारिक या संस्थापक-स्वामित्व वाली कंपनियों के डेटाबेस वर्ष 2006 से करीब 370 आधार अंक के सालाना औसत अल्फा के आधार पर तैयार किए गए हैं। इसके कारणों में शानदार राजस्व वृद्घि और नकदी प्रवाह प्रतिफल शामिल हैं। पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनियों द्वारा हासिल राजस्व वृद्घि दूसरी कंपनियों के मुकाबले 200 आधार अंक तक ज्यादा रही है। इन कंपनियों के मुनाफे में रहने की संभावना भी ज्यादा बनी हुई है।

First Published : September 3, 2020 | 12:10 AM IST