वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही में दमदार प्रदर्शन के बावजूद बजाज फाइनैंस के शेयर को तगड़ा झटका लगा है। बंबई स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी का शेयर आज 7.2 फीसदी गिरावट के साथ बंद हुआ। भविष्य में कंपनी के लिए संभावनाओं के बारे में विश्लेषकों ने अलग-अलग राय जाहिर की जिससे शेयर को झटका लगा। इसके मुकाबले बेंचमार्क एसऐंडपी बीएसई सेंसेक्स में 0.92 फीसदी की गिरावट आई।
हालांकि प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एयूएम), पोर्टफोलियो के घटक और डिजिटल बदलाव से मुख्य तौर पर इस शेयर को रफ्तार मिलती रहेगी लेकिन अधिक मूल्यांकन और लागत में वृद्धि के कारण तेजी पर लगाम लग सकता है।
एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग के विश्लेषकों ने कहा कि बजाज फाइनैंस डिजिटल बदलाव के दौर से गुजर रही है और ऐसे में इस बात पर ध्यान देने की आवश्यकता है कि क्या इससे वह बेहतर रफ्तार के साथ वृद्धि दर्ज करने में समर्थ होगी।
उन्होंने कहा, ‘हालांकि कंपनी को दीर्घावधि में परिचालन लीवरेज का लाभ दिख सकता है लेकिन इसके पर्याप्त फायदे दिखने से पहले उल्लेखनीय निवेश करने की आवश्यकता होगी। हम समझते हैं कि कंपनी इस दौरान लगातार बेहतर रिटर्न देना जारी रखेगी लेकिन वित्त वर्ष 2024 के खाते के मुकाबले 6.8 गुना मूल्यांकन निश्चित तौर पर अधिक है।’
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के विश्लेषकों ने कहा कि आवश्यक डिजिटल बदलाव के साथ नए से लेकर फ्रैंचाइजी ग्राहकों से वृद्धिशील पोर्टफोलियो विकास के लिए अधिक पूंजी निवेशक की आवश्यकता होगी। ऐसा मजबूत ग्राहक फ्रैंचाइजी अथवा बेहतर ग्राहक लगाव के आश्वासन के बिना करना होगा। ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए क्रमश: 7,750 रुपये और 6,430 रुपये के लक्ष्य के साथ ‘होल्ड’ और ‘रिड्यूस’ रेटिंग दी है।
बजाज फाइनैंस के प्रबंधन ने उपयोगकर्ताओं को बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए एक डिजिटल वेबसाइट तैयार करने की घोषणा की थी जहां डिजिटल ऐप पर विशेष यूजर इंटरफेस (यूआई)/ उपयोगकर्ता अनुभव
(यूएक्स) होगा।
प्रबंधन ने कहा, ‘चालू होने के बाद डिजिटल वेब प्लेटफॉर्म ऐप एवं वेब दोनों के लिए एक समान अनुभव प्रदान करेगा और ग्राहक एक प्लेटफॉर्म पर अपनी यात्रा शुरू करने और दूसरे पर समाप्त करने में समर्थ होंगे।’ वन वेब का पहला चरण अक्टूबर 2022 तक लाइव होने की उम्मीद है जबकि दूसरा चरण मार्च 2023 तक लाइव होगा। सीएलएसए का मानना है कि इस वेब प्लेटफॉर्म के कारण लागत बनाम आय अनुपात 34 फीसदी से बढ़कर 35 फीसदी हो जाएगा। वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही में परिचालन व्यय
बनाम शुद्ध ब्याज आय अनुपात करीब 35 फीसदी रहा।
मोतीलाल ओसवाल फाइनैंशियल सर्विसेज ने कहा, ‘हम अगले दो वर्षों के दौरान शुद्ध ब्याज मार्जिन में कमी की आशंका और करीब 35 फीसदी के परिचालन व्यय बनाम शुद्ध ब्याज आय अनुपात के मद्देनजर वित्त वर्ष 2023/ वित्त वर्ष 2024 के लिए अपने शुद्ध लाभ अनुमान में 4 फीसदी की कटौती करते हैं। मध्यावधि में बजाज फाइनैंस का परिसंपत्ति पर रिटर्न और इक्विटी पर रिटर्न क्रमश: 4.2 से 4.4 फीसदी और 21 से 22 फीसदी होना चाहिए।’ हालांकि ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए 8,350 रुपये प्रति शेयर के घटाए हुए लक्षित मूल्य के साथ ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है।
बजाज ऑटो का लाभ घटा
दोपहिया वाहन विनिर्माता कंपनी बजाज ऑटो का एकीकृत शुद्ध लाभ 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही में दो फीसदी घटकर 1,526 करोड़ रुपये रह गया। पुणे की कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2020-21 की जनवरी-मार्च तिमाही में 1,551 करोड़ रुपये था।
बजाज ऑटो ने बुधवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के दौरान उसकी परिचालन आय घटकर 7,975 करोड़ रुपये रह गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 8,596 करोड़ रुपये थी। कंपनी का पूरे वित्त वर्ष 2021-22 में एकीकृत शुद्ध लाभ 27 फीसदी बढ़कर 6,166 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष 2020-21 में यह 4,857 करोड़ रुपये था। एजेंसियां