इन्फोमीडिया 18 और रीड बिजनेस इंफॉरमेशन की संयुक्त कंपनी रीड इन्फोमीडिया इंडिया को 6 विदेशी पत्रिकाओं का भारतीय संस्करण प्रकाशित करने की अनुमति विदेशी निवेश संवर्द्धन बोर्ड (एफआईपीबी) से मिल गई है।
ये पत्रिकाएं तकनीक, हॉस्पिटेलिटी, इंटीरियर डिजाइन, निवेश सलाह जैसे विषयों पर निकाली जानी है। इसके प्रकाशन से जुड़ी रीड एल्सवियर वैज्ञानिक, तकनीक और विशेषीकृत प्रकाशन के क्षेत्र में यूरोप की शीर्ष मीडिया कंपनियों में से एक है।
रीड इन्फोमीडिया इंडिया में रीड बिजनेस इंफॉर्मेशन की 51 फीसदी हिस्सेदारी है। इसमें शेष 49 फीसदी की हिस्सेदारी नेटवर्क 18 समूह की कंपनी इंफोमीडिया 18 की है। रीड इन्फोमीडिया के प्रकाशन संबधी प्रस्ताव पर एफआईपीबी ने अब अपनी सहमति दे दी है।
हालांकि कंपनी ने एफआईपीबी को दिए प्रस्ताव में किसी प्रकार के विदेशी निवेश की बात नहीं कही है। प्रकाशन उद्योग के लिहाज से एफआईपीबी की इस अनुमति को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्योंकि चर्चा हो रही थी कि रीड बिजनेस इन्फॉर्मेशन गंभीरता से इन्फोमीडिया 18 के साथ अपना करार खत्म करने का विचार कर रही है।
इस मसले पर अपनी राय रखते हुए इन्फोमीडिया 18 के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ”यह तथ्य है कि रीड इन्फोमीडिया को और विदेशी पत्रिकाओं के भारतीय संस्करण निकालने की अनुमति मिल चकी है। इसका मतलब है कि यह संयुक्त उपक्रम बढ़िया से आगे बढ़ रहा है।”