facebookmetapixel
Advertisement
Bharat PET IPO: ₹760 करोड़ जुटाने की तैयारी, सेबी में DRHP फाइल; जुटाई रकम का क्या करेगी कंपनीतेल, रुपये और यील्ड का दबाव: पश्चिम एशिया संकट से बढ़ी अस्थिरता, लंबी अनिश्चितता के संकेतवैश्विक चुनातियों के बावजूद भारतीय ऑफिस मार्केट ने पकड़ी रफ्तार, पहली तिमाही में 15% इजाफाJio IPO: DRHP दाखिल करने की तैयारी तेज, OFS के जरिए 2.5% हिस्सेदारी बिकने की संभावनाडेटा सेंटर कारोबार में अदाणी का बड़ा दांव, Meta और Google से बातचीतभारत में माइक्रो ड्रामा बाजार का तेजी से विस्तार, 2030 तक 4.5 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमानआध्यात्मिक पर्यटन में भारत सबसे आगे, एशिया में भारतीय यात्रियों की रुचि सबसे अधिकबांग्लादेश: चुनौतियों के बीच आजादी का जश्न, अर्थव्यवस्था और महंगाई बनी बड़ी चुनौतीपश्चिम एशिया संकट के बीच भारत सतर्क, रणनीतिक तेल भंडार विस्तार प्रक्रिया तेजGST कटौती से बढ़ी मांग, ऑटो और ट्रैक्टर बिक्री में उछाल: सीतारमण

Mustard Crop: रकबा बढ़ने के बीच अब मौसम ने दिया साथ, सरसों के रिकॉर्ड उत्पादन की आस

Advertisement

Mustard Crop: केडिया एडवाइजरी की रिपोर्ट के मुताबिक इस साल सरसों का उत्पादन 10 फीसदी बढ़ने का अनुमान

Last Updated- January 28, 2026 | 4:03 PM IST
Mustard Crop

Mustard Crop: इस साल सरसों किसानों को राहत मिल सकती है। सरसों के रकबा में 3 फीसदी से ज्यादा वृद्धि दर्ज की गई है। अब तक मौसम भी सरसों किसानों का साथ दे रहा है। हालिया बारिश भी उनके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। मौजूदा हालात में इस साल सरसों के उत्पादन में 10 फीसदी तक इजाफा होने का अनुमान है और उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है।

इस साल कितना रहा सरसों का रकबा?

इस साल किसानों ने सरसों की खूब बोआई की है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 89.36 लाख हेक्टेयर में सरसों की बोआई हो चुकी है। पिछले साल यह आंकड़ा 86.57 लाख हेक्टेयर था। इस तरह इस साल सरसों के रकबा में 3.2 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरसों का सामान्य रकबा 79.17 लाख हेक्टेयर है। सामान्य रकबा से इस साल करीब 12.50 फीसदी ज्यादा सरसों बोई गई है।

केडिया एडवाइजरी की सरसों पर जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि पारंपरिक उत्पादक राज्यों में सरसों के रकबा के रुझान मिले-जुले रहे हैं। राजस्थान में सरसों का रकबा मामूली बढ़कर 35.35 लाख हेक्टेयर पहुंच गया है। वहीं मध्य प्रदेश में 41 फीसदी की बड़ी बढ़त के साथ रकबा 11.79 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में सरसों की खेती में उल्लेखनीय विस्तार दर्ज किया गया है। पिछले एक दशक में यहां रकबा लगभग तीन गुना बढ़कर 16.99 लाख हेक्टेयर पहुंच गया है। हालांकि रिपोर्ट यह भी बताती है कि उत्तर-पूर्वी राज्यों और झारखंड में चुनौतियां बनी हुई हैं। अनियमित बारिश और बोआई में देरी के कारण इन क्षेत्रों में सरसों का रकबा घटा है। असम में रकबा घटकर 2.88 लाख हेक्टेयर, झारखंड में घटकर 3.52 लाख हेक्टेयर रह गया है।

Also Read: चांदी की तेजी अब ‘बूम’ से ‘सनक’ की ओर? एक्सपर्ट बता रहे क्या करें

इस साल कितना हो सकता है सरसों का उत्पादन?

केडिया एडवाइजरी की इस रिपोर्ट के अनुसार भारत में 2025–26 के दौरान सरसों का उत्पादन करीब 10 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है। इसकी वजह बोआई में बढ़ोतरी और फसल की अनुकूल स्थिति मानी जा रही है। सरकार ने इस साल सरसों उत्पादन का लक्ष्य 139 लाख टन तय किया है, जबकि 2024–25 में उत्पादन 126.67 लाख टन रहा था।

विशेषज्ञों का कहना है कि फसल की स्थिति कुल मिलाकर बेहतर है और पाला न पड़ने से पैदावार की संभावनाएं मजबूत बनी हुई हैं। तिलहन उद्योग के अहम कारोबारी संगठन सेंट्रल ऑर्गेनाइजेशन फॉर ऑयल इंडस्ट्री एंड ट्रेड (COOIT) के चेयरमैन सुरेश नागपाल ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि इस साल सर्दी भी सरसों की फसल के लिए अच्छी पड़ी और अब इस समय हो रही बारिश इस फसल के लिए फायदेमंद हैं। पाला न पड़ने से सरसों को अब तक नुकसान भी नहीं हुआ है। अगर आगे भी मौसम अनुकूल रहा तो इस साल सरसों का रिकॉर्ड उत्पादन हो सकता है।

उद्योग के मुताबिक इस साल सरसों का उत्पादन 120 लाख टन तक पहुंच सकता है,जो अब तक का रिकॉर्ड होगा। इससे पहले 2023 में 115 लाख टन रिकॉर्ड उत्पादन हुआ था। पिछले साल यह गिरकर 111 लाख टन रह गया था।

Also Read: Budget 2026: राष्ट्रपति ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, कहा – EU से डील सर्विस और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को देगा रफ्तार

ओलावृष्टि बढ़ा सकती है किसानों की चिंता

अभी तक मौसम सरसों की फसल के लिए अनुकूल रहा है। केडिया एडवाइजरी की रिपोर्ट में कहा गया कि ओलावृष्टि से कुछ इलाकों में फसल को नुकसान हो सकता है। हालांकि, अधिकांश सरसों उत्पादक क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और अनुकूल तापमान फसल के लिए सहायक बने हुए हैं। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के किसान दिनेश सिंह ने कहा कि इस समय सरसों को पानी की जरूरत थी, बारिश का पानी ज्यादा फायदेमंद होता है। यह एक तरह से खाद का काम करता है। ऐसे में दो दिन से बारिश होना इस फसल की उत्पादकता को बढ़ाएगा। अब अगर आगे ओले ना पड़े तो इस साल सरसों की पैदावार अच्छी हो सकती है।

Advertisement
First Published - January 28, 2026 | 4:03 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement