ब्राजील के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री के हवाले से एक सूत्र ने बताया कि सैन्य बल की मदद से चिकित्सकों का एक समूह वहां के लोगों की सेवा करेगा। पश्चिमी ब्राजील के 14 समुदायों में रहने वाले 17,294 ब्राजीलियाई मूल के लोगों के लिए यह कार्य अगले सप्ताह से शुरू किया जाएगा जिसमें विशेषकर बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए कार्य किया जाएगा।
सेना, वायुसेना और नौसेना 30 दिनों तक इन चिकित्सकों की मदद करेंगे। ये चिकित्सक अमेजन की राजधानी मानौस और नीग्रो अल्टो नदी के आस पास के इलाकों में रहेंगे।
अन्य चिकित्सक अन्य शहरों में नियुक्त किए जाएंगे जहां सेना द्वारा संचालित अस्पताल मौजूद हैं।
जांच के अलावा बच्चों, महिलाओं और उम्रदराज लोगों को दवा दी जाएगी और इनका टीकाकरण किया जाएगा साथ में जरूरतमंदों को भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
सेना यहां के गांवों में जीवन की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए साफ सफाई की स्थिति और पीने के पानी की पूर्ति का भी आकलन करेगी।
अमेजन के प्रांतों में ब्राजील का 18 प्रतिशत भाग आता है जहां 2.81 करोड़ से ज्यादा लोग निवास करते हैं लेकिन यहां स्वास्थ्य की स्थिति अच्छी नहीं है।
वर्ष 2000 और वर्ष 2007 के बीच 11,878 बच्चे एक वर्ष की आयु पूरी होने के पूर्व ही मृत्यु को प्राप्त हो गए थे।