इस्लामाबाद, आठ सितंबर :भाषा: ईश निंदा के मामले में एक दिन पहले ही जमानत पाने वाली मानसिक रूप से अस्वस्थ लड़की का 10 लाख रुपए का जमानत मुचलका आज पाकिस्तान की अदालत में जमा कर दिया गया । अब उसे जेल से रिहाई मिल जाएगी ।
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि फिलहाल रावलपिंडी के अडियाला जेल में बंद रिम्शा कुछ कागजी कार्रवाई पूरे होने के बाद आज शाम तक रिहा हो सकती है ।
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीशों ने पांच-पांच लाख रिपीट लाख रुपये के दो जमानत मुचलके के बदले कल रिम्शा को जमानत दी । उसे कल रिहा नहीं किया जा सकता क्योंकि अदालत का आदेश कार्यालयों के बंद होने के बाद पुलिस के पास पहुंचा था ।
आशा है कि रिम्शा के रिश्तेदार और वकील दस्तावेज जमा करने और उसे लेने के लिए अडियाला जेल जाएंगे ।
इस मामले की अगली सुनवायी इस महीने के मध्य में होगी ।
अदालत ने इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख को इस मामले की जांच के लिए समर्थ अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया है ।
रिम्शा को कुरान जलाने के कथित मामले में ईश निंदा कानून के तहत गिरफ्तार किया गया था ।