आज का अखबार

समझौते से किसानों को होगा लाभ, बढ़ेगा कृषि निर्यात : गोयल

सरकार ने सेब जैसे प्रमुख फलों के उत्पादकों के हितों की भी पूरी रक्षा की है। साथ ही डेयरी और पोल्ट्री उत्पादों के लिए बाजार नहीं खोला गया है।

Published by
श्रेया नंदी   
Last Updated- February 13, 2026 | 9:50 PM IST

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच हुआ व्यापार समझौता कृषि निर्यात को बढ़ावा देगा और कृषि उत्पादों की मांग मजबूत होगी। इससे किसानों को अपनी फसल के बेहतर दाम मिलेंगे और उनकी आमदनी बढ़ने के साथ ही संपन्नता बढ़ेगी।

उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि उनके हित पूरी तरह सुरक्षित हैं और भविष्य में भी सुरक्षित रहेंगे। इस समझौते में गेहूं, चावल, मोटे अनाज, सोयाखली, मक्का, जीएम खाद्य उत्पाद, मसाले और आलू जैसी प्रमुख फसलों को पूरी तरह संरक्षित रखा गया है।

सरकार ने सेब जैसे प्रमुख फलों के उत्पादकों के हितों की भी पूरी रक्षा की है। साथ ही डेयरी और पोल्ट्री उत्पादों के लिए बाजार नहीं खोला गया है। मंत्री ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भारत-अमेरिका समझौते को लेकर झूठ फैलाने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी वीडियो संदेश में गोयल ने कहा कि राहुल गांधी आदतन झूठ बोलते हैं और वह नहीं चाहते है कि किसानों का सशक्तिकरण हों।

यह बयान उस समय आया जब राहुल ने ‘एक्स’ पर जारी एक वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘किसान विरोधी’ होने और भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के जरिए देश को ‘बेचने’ का आरोप लगाया था। दोनों देशों ने पिछले सप्ताह एक संयुक्त बयान जारी कर व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी। इस समझौते पर मार्च के अंत तक हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि बासमती चावल, फल, मसाले, चाय और समुद्री उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे जिससे भारत के निर्यात में बढ़ोतरी होगी और किसानों की आय बढ़ेगी।

First Published : February 13, 2026 | 9:43 PM IST