आज का अखबार

सोनी इंडिया ने जताई उम्मीद, कारोबार में होगी 20 प्रतिशत तक की वृद्धि

सोनी कॉरपोरेशन की पूर्ण-स्वामित्व वाली अनुषंगी सोनी इंडिया ने हाल ही में कहा था कि वित्त वर्ष 2022-23 में उसका लाभ 31.8 प्रतिशत बढ़ा था।

Published by
भाषा   
Last Updated- December 10, 2023 | 11:38 PM IST

उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माता सोनी इंडिया (Sony India) ने भारतीय टीवी और ऑडियो बाजार में प्रीमियम उत्पादों की तरफ रुझान बढ़ने से चालू वित्त वर्ष में 15-20 प्रतिशत वृद्धि होने की उम्मीद जताई है।

सोनी इंडिया के प्रबंध निदेशक सुनील नैयर ने कहा कि कंपनी की प्रीमियम टेलीविजन श्रेणी इस वृद्धि में अग्रणी भूमिका निभाएगी। इस श्रेणी में ऑडियो उत्पादों के साथ 55 इंच और उससे बड़े स्क्रीन वाले टीवी सेट शामिल हैं।

नैयर ने कहा कि भारतीय बाजार में प्रीमियम उत्पादों का चलन तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा, ‘वित्त वर्ष 2023-24 भी काफी आशाजनक दिख रहा है। हम एक समग्र कंपनी के रूप में (मूल्य के हिसाब से) 15-20 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं और यह कहने की जरूरत नहीं है कि मुनाफा भी अच्छा रहने वाला है।’

जापानी प्रौद्योगिकी कंपनी सोनी कॉरपोरेशन की पूर्ण-स्वामित्व वाली अनुषंगी सोनी इंडिया ने हाल ही में कहा था कि वित्त वर्ष 2022-23 में उसका लाभ 31.8 प्रतिशत बढ़ा था। परिचालन राजस्व 23.1 प्रतिशत बढ़कर 6,353.74 करोड़ रुपये हो गया।

नैयर ने उम्मीद जताई है कि वृद्धि दर और भी बेहतर होगी। अगले 4-5 वर्षों के लिए सोनी इंडिया के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘हम आय और मुनाफा दोनों लिहाज से वृद्धि जारी रखेंगे। इस दौरान नवाचार और नई पेशकश पर हमारा जोर होगा।’ उन्होंने कहा कि अब प्रीमियम टेलीविजन का बाजार बढ़ रहा है।

First Published : December 10, 2023 | 11:38 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)