प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
भारत के इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के रिटेल बाजार ने इस साल जनवरी में तेजी दर्ज की। इस बाजार को इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों (ई2डब्ल्यू) और यात्री वाहनों (पीवी) की बिक्री से मदद मिली। फाडा के आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले वर्ष की तुलना में दोनों सेगमेंट में प्रतिस्पर्धी स्थितियों में बदलाव आया है। फेडरेशन ने कहा कि जनवरी का प्रदर्शन बताता है कि ईवी को सब्सिडी के बजाय मांग के बूते अपनाना जा रहा है। इसके वाहनों की उपलब्धता और कीमत शास्त्र के कारण ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है।
जनवरी 2026 में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की रिटेल बिक्री सालाना आधार पर 54.75 फीसदी बढ़कर 18,470 वाहन हो गई। पिछले साल जनवरी में यह 11,935 वाहन थी। यात्री वाहन सेगमेंट में ईवी की पहुंच एक साल पहले की लगभग 2.5 फीसदी से बढ़कर करीब 3.6 प्रतिशत हो गई।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने बाजार दिग्गज के तौर पर अपनी जगह बरकरार रखी और जनवरी में 8,007 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं। यह बिक्री एक साल पहले की 5,313 कारों से 50.7 फीसदी अधिक है। जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया 4,703 वाहनों की रिटेल बिक्री के साथ दूसरे नंबर पर रही, जिसने पिछली जनवरी के मुकाबले बिक्री में 3.8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की।
महिंद्रा ऐंड महिंद्रा ने इलेक्ट्रिक पीवी की बिक्री में तेज बढ़ोतरी दर्ज की। उसकी बिक्री जनवरी 2025 के 740 वाहनों से इस साल जनवरी में बढ़कर 3,668 वाहन हो गई। दूसरे निर्माताओं में, किआ इंडिया और बीएमडब्ल्यू इंडिया ने जनवरी 2025 के मुकाबले ज्यादा इलेक्ट्रिक पीवी की बिक्री की। ह्युंडै मोटर इंडिया की बिक्री में ज्यादा बदलाव नहीं आया। बीवाईडी इंडिया ने सालाना आधार पर कम खुदरा बिक्री दर्ज की। विनफास्ट ऑटो इंडिया ने शुरुआती रिटेल बिक्री में शानदार तेजी दर्ज की जिससे भारतीय ईवी यात्री वाहन बाजार में उसकी मौजूदगी दर्ज हुई।
जनवरी में इलेक्ट्रिक दोपहिया की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 24.77 फीसदी बढ़कर 1,22,812 वाहन हो गई जबकि जनवरी 2025 में यह आंकड़ा 97,399 था। दोपहिया सेगमेंट में ईवी की पहुंच 6.6 फीसदी रही, जो एक साल पहले के 6.4 फीसदी के आंकड़े से थोड़ी ज्यादा है। लेकिन दिसंबर 2025 में दर्ज 7.4 फीसदी से कम है।
टीवीएस मोटर कंपनी जनवरी में सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक दोपहिया रिटेलर बनी, जिसने 34,558 वाहन बेचे, जो जनवरी 2025 के 24,028 वाहनों से 43.8 फीसदी अधिक है। बजाज ऑटो 25,598 वाहनों की खुदरा बिक्री के साथ दूसरे नंबर पर रही। एथर एनर्जी बिक्री के लिहाज से तीसरे पायदान पर रही।