टेक-ऑटो

India AI Impact Summit में बोले आईटी मंत्री, एआई से बढ़ेगी एंटरप्राइज प्रोडक्टिविटी

AI Impact Summit में Ashwini Vaishnaw ने कहा कि भारत एआई को उद्योगों की उत्पादकता बढ़ाने और स्वास्थ्य, कृषि व जलवायु जैसी चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान के में आगे बढ़ा रहा है

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 18, 2026 | 11:23 AM IST

India AI Impact Summit 2026: सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री Ashwini Vaishnaw ने कहा है कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को केवल तकनीक के रूप में नहीं, बल्कि रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के रूप में देख रहा है। उनका कहना है कि देश की प्राथमिकता एआई के व्यावहारिक उपयोगों को बढ़ावा देना है, जिससे उद्योगों की उत्पादकता बढ़े और स्वास्थ्य, कृषि तथा जलवायु परिवर्तन जैसी बड़ी आबादी से जुड़ी चुनौतियों का समाधान निकल सके।

मंत्री बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित India AI Impact Summit के तहत एक शोध संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एआई एक्सपो में युवाओं की जबरदस्त भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी क्षेत्र में लगभग ढाई लाख लोगों ने हिस्सा लिया, जिनमें से अधिकांश की उम्र 30 वर्ष से कम थी।

यह भी पढ़ें | AI Impact Summit Day 3: नीति, शोध और संप्रभु तकनीक पर बड़ा मंथन, जानें आज किन सत्रों में तय होगा भविष्य का रोडमैप

उन्होंने कहा कि युवाओं से बातचीत के दौरान उन्हें जिस उत्साह और आत्मविश्वास का अनुभव हुआ, वह बेहद प्रेरणादायक था। युवा एआई को अपने भविष्य के अवसर के रूप में देख रहे हैं और नई तकनीक को अपनाने के लिए तैयार हैं। मंत्री के अनुसार यह सकारात्मक सोच भारत को तकनीकी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया कि भारत का फोकस एआई को जमीनी स्तर पर लागू करने पर है। उद्योगों में कार्यकुशलता बढ़ाने, स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने, किसानों की आय और उत्पादकता सुधारने तथा जलवायु परिवर्तन से निपटने जैसे क्षेत्रों में एआई के उपयोग पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। उनका मानना है कि एआई केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित न रहे, बल्कि आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए।

उन्होंने संगोष्ठी में मौजूद विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं से आग्रह किया कि वे एआई को सुरक्षित और जिम्मेदार बनाने के लिए ठोस सुझाव दें। उनके अनुसार एआई एक शक्तिशाली उपकरण है और इसका उपयोग मानवता के हित में होना चाहिए।

गौरतलब है कि यह शिखर सम्मेलन देश के प्रमुख वैश्विक आयोजनों में से एक है, जिसमें नीति निर्धारक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए हैं। कार्यक्रम में एआई नवाचार, नियमन और वास्तविक जीवन में इसके प्रभावों पर गहन चर्चा की जा रही है।

First Published : February 18, 2026 | 11:23 AM IST