टिम कुक के बाद जॉन टर्नस ने एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पद संभाल लिया है। टर्नस ने 1 सितंबर से कंपनी की कमान संभाली है। सीईओ बनने के बाद कर्मचारियों को भेजे अपने पहले संदेश में टर्नस ने कुक के नेतृत्व के लिए आभार जताया और कंपनी के अगले बड़े प्रोडक्ट्स लॉन्च को लेकर उत्साह जाहिर किया। उन्होंने कहा कि अगले हफ्ते होने वाला लॉन्च शानदार रहेगा।
टिम कुक अब एप्पल के कार्यकारी चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। यह बदलाव कंपनी के लिए नेतृत्व के नए दौर की शुरुआत है। कुक जहां संचालन और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए जाने जाते हैं, वहीं टर्नस का अनुभव मुख्य रूप से हार्डवेयर इंजीनियरिंग और प्रोडेक्ट विकास का है। ऐसे में 9 सितंबर को होने वाला एप्पल का ‘सरप्राइज एंड शाइन’ कार्यक्रम टर्नस के सीईओ बनने के बाद पहला बड़ा प्रोडक्ट लॉन्च होगा।
टर्नस ने सीईओ की जिम्मेदारी संभालने को सम्मान की बात बताया और एप्पल को “दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी” कहा। उन्होंने कहा कि कंपनी के कुछ प्रोडक्ट्स पर पहले से काम चल रहा है, जबकि कुछ अन्य प्रोडक्ट अभी केवल कल्पना में हैं।
टर्नस की बातों से साफ है कि उनका फोकस प्रोडक्ट्स पर रहेगा। वह 2001 में एप्पल से जुड़े थे और सीईओ बनने से पहले हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट थे। एप्पल ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि योजनाबद्ध नेतृत्व बदलाव के तहत वह 1 सितंबर से कुक की जगह सीईओ की जिम्मेदारी संभालेंगे।
एप्पल ने 9 सितंबर को ‘सरप्राइज एंड शाइन’ कार्यक्रम रखा है। इसमें आईफोन 18 प्रो सीरीज के साथ कंपनी का पहला फोल्डेबल आईफोन लॉन्च किए जाने की उम्मीद है, जिसका नाम आईफोन अल्ट्रा हो सकता है। कार्यक्रम क्यूपर्टिनो स्थित एप्पल पार्क में होगा।
Also Read: सरकारी विभागों के खिलाफ भ्रष्टाचार की 70,584 शिकायतें, बैंक और रेलवे सबसे आगे
टर्नस के आने के साथ एप्पल के नेतृत्व का प्रोफाइल भी बदलेगा। 2011 में सीईओ बने कुक का अनुभव संचालन और सप्लाई चेन के क्षेत्र में रहा है। इसके उलट, टर्नस ने एप्पल में अपने करियर का ज्यादातर समय हार्डवेयर और उत्पाद विकास में बिताया है।
एप्पल के बोर्ड ने अप्रैल में नेतृत्व बदलाव की योजना की घोषणा करते हुए कहा था कि टर्नस को गहरी तकनीकी समझ है और उनका फोकस प्रोडक्ट्स पर रहेगा। कंपनी के मुताबिक, उनकी नियुक्ति लंबे समय से चल रही प्रक्रिया के बाद हुई है।
इस बदलाव के तहत जॉनी सरूजी ने एप्पल के चीफ हार्डवेयर ऑफिसर की जिम्मेदारी संभाली है। वह हार्डवेयर इंजीनियरिंग संगठन का नेतृत्व करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पहले टर्नस के पास थी। एप्पल ने प्रोडक्ट डिजाइन और इंजीनियरिंग नेतृत्व में भी बदलाव किए हैं।
टर्नस के आने के साथ एप्पल पहनने योग्य डिवाइस की रणनीति पर फिर से विचार कर रही है। एक समाचार रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी विजन प्रो हेडसेट के मुकाबले स्मार्ट ग्लास को ज्यादा प्राथमिकता दे रही है। कंपनी अपने पहले एआई आधारित स्मार्ट ग्लास पर भी काम कर रही है, जिसे 2027 में लॉन्च किया जा सकता है।
यह बदलाव एप्पल की विजन प्रो, सिरी और सॉफ्टवेयर टीमों के पुनर्गठन के साथ हुआ है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए 9टू5मैक ने बताया कि इन टीमों में 200 से ज्यादा पदों में कटौती की गई है। इनमें करीब 100 पद विजन प्रो संगठन के हैं।
Also Read: भारत का रेशम निर्यात 52% बढ़ा, अब गांवों को ‘सिल्क हब’ बनाएगी महाराष्ट्र सरकार
इस साल आईफोन की लॉन्चिंग का शेड्यूल अलग रहने की उम्मीद है। रिपोर्टों के मुताबिक, एप्पल आईफोन 18 सीरीज को दो चरणों में लॉन्च कर सकती है। सितंबर के कार्यक्रम में आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स जैसे मॉडल पेश किए जाने की उम्मीद है, जबकि सामान्य आईफोन 18 और आईफोन एयर मॉडल 2027 की पहली छमाही में आ सकते हैं। इन प्रोडक्ट्स पर रहेंगी नजर:
एप्पल का पहला फोल्डेबल आईफोन इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण हो सकता है। इसे आईफोन अल्ट्रा नाम दिए जाने की संभावना है। रिपोर्टों के अनुसार, इसमें किताब की तरह खुलने वाला फोल्डेबल डिजाइन हो सकता है।
इसमें करीब 5.5 इंच की बाहरी स्क्रीन और लगभग 7.8 इंच की अंदरूनी स्क्रीन होने की उम्मीद है। अंदर की स्क्रीन में स्क्रीन के नीचे कैमरा और बाहरी स्क्रीन में पंच-होल कैमरा दिया जा सकता है।
ब्लूमबर्ग की एक पिछली रिपोर्ट के अनुसार, फोल्डेबल आईफोन में पीछे की तरफ दो कैमरों का सेटअप हो सकता है, जिसमें मुख्य और अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल होंगे। इसमें टच आईडी की वापसी भी हो सकती है।
सितंबर के कार्यक्रम में आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स भी पेश किए जा सकते हैं। इनमें नया ए20 प्रो चिप मिलने की उम्मीद है, जिसे 2 नैनोमीटर निर्माण प्रक्रिया पर बनाया जा सकता है। इनमें एप्पल का सी2 मॉडेम भी दिया जा सकता है। कैमरे में भी बड़े बदलाव की उम्मीद है।
आईफोन 18 प्रो मैक्स में अलग-अलग अपर्चर वाला मुख्य कैमरा मिल सकता है। एप्पल स्क्रीन के नीचे फेस आईडी तकनीक पर भी काम कर रहा है। हालांकि, फोन का बाहरी डिजाइन पिछली पीढ़ी से काफी मिलता-जुलता रह सकता है। बदलाव मुख्य रूप से कैमरा और अंदर के हार्डवेयर में किए जाने की उम्मीद है। वहीं, सामान्य आईफोन 18, आईफोन 18ई और आईफोन एयर 2 को 2027 की पहली छमाही में लॉन्च किया जा सकता है।
एप्पल सितंबर के कार्यक्रम में अपनी स्मार्टवॉच श्रृंखला को भी अपडेट कर सकता है। एप्पल वॉच सीरीज 12 में सीमित बदलाव होने की उम्मीद है। इसमें नया स्वास्थ्य सेंसर और वॉच बैंड जोड़ने के तरीके में बदलाव किया जा सकता है।
एप्पल वॉच अल्ट्रा 4 भी पेश की जा सकती है। इसमें डिजाइन में बदलाव और अतिरिक्त सेंसर मिलने की संभावना है। हालांकि, इसके फीचर्स को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। इसके अलावा, एप्पल नए एयरपॉड्स भी पेश कर सकता है। कंपनी नई पीढ़ी के एयरपॉड्स प्रो पर काम कर रही है। इनमें कैमरा लगे ईयरबड्स जैसे फीचर शामिल किए जाने की रिपोर्ट है।
रिपोर्टों के अनुसार, एयरपॉड्स में लगे कैमरे एप्पल की विजुअल इंटेलिजेंस सुविधा के साथ काम कर सकते हैं। इससे ईयरबड्स आसपास की चीजों और माहौल को समझने में मदद कर सकते हैं। हालांकि, नए एयरपॉड्स प्रो को अगले साल लॉन्च किए जाने की भी संभावना है। ऐसे में सितंबर के कार्यक्रम में एप्पल इसके बजाय एयरपॉड्स 4 पेश कर सकता है।