सरकार की डिजिटल सेवाओं को लोगों तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किए गए मल्टी सर्विस प्लेटफॉर्म UMANG में अब एक नया और उपयोगी फीचर जोड़ा गया है। इस फीचर का नाम Mera Ration है। इसके जरिए अब राशन कार्ड से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां सीधे मोबाइल फोन पर देखी जा सकेंगी।
इस डिजिटल सुविधा के बाद अब लोगों को राशन कार्ड की जानकारी के लिए बार बार सरकारी दफ्तरों या राशन की दुकानों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यूजर घर बैठे ही अपने मोबाइल पर यह देख सकता है कि उसे सरकारी योजना के तहत कितना राशन मिलने का अधिकार है और उसे अब तक कितना राशन मिला है।
‘मेरा राशन’ फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके जरिए उपभोक्ता केवल अपना राशन कार्ड नंबर दर्ज करके कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकता है। इसमें यह भी देखा जा सकता है कि सरकारी कोटे के तहत उसे कितने किलो गेहूं, चावल, चीनी या अन्य अनाज मिलने का प्रावधान है.
इसके अलावा ऐप के माध्यम से यूजर अपनी पुरानी राशन ट्रांजैक्शन हिस्ट्री भी देख सकता है। इससे यह पता चल जाता है कि पिछले महीनों में उसे कब और कितना राशन मिला। इससे पारदर्शिता बढ़ती है और किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना कम हो जाती है।
इस फीचर का एक और बड़ा फायदा यह है कि यह उपयोगकर्ता की मौजूदा लोकेशन के आधार पर आसपास मौजूद सरकारी राशन दुकानों की जानकारी भी देता है। ऐप पर नजदीकी राशन दुकान का पता और लोकेशन देखी जा सकती है. इससे लोगों को राशन लेने के लिए सही दुकान ढूंढने में आसानी होगी।
यह सुविधा खास तौर पर उन प्रवासी मजदूरों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकती है जो काम की तलाश में एक राज्य से दूसरे राज्य या शहर में जाते रहते हैं. ऐसे लोगों के लिए सरकार की One Nation One Ration Card योजना पहले से ही लागू है।
Also Read | Advance Tax: एडवांस टैक्स की डेडलाइन करीब, एक्सपर्ट ने बताए नियम और पेनाल्टी
इस योजना के तहत राशन कार्ड धारक देश के किसी भी हिस्से में जाकर अपने हिस्से का राशन प्राप्त कर सकता है. लेकिन कई बार मजदूरों को नई जगह पर यह पता नहीं होता कि उन्हें किस दुकान से राशन मिलेगा. ऐसे में ‘मेरा राशन’ फीचर उन्हें तुरंत नजदीकी दुकान और वहां उपलब्ध राशन की जानकारी दे सकता है।
इस सुविधा का उपयोग करना काफी आसान है और इसे कुछ सरल चरणों के जरिए शुरू किया जा सकता है।
सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में UMANG ऐप डाउनलोड करें। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर और एपल एप स्टोर दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
ऐप इंस्टॉल करने के बाद मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद सुरक्षा के लिए चार अंकों का MPIN सेट करना होता है।
लॉग इन करने के बाद ऐप के होम पेज पर दिए गए सर्च बॉक्स में ‘मेरा राशन’ टाइप करें. इसके बाद राशन कार्ड से जुड़ी कई सेवाओं की सूची दिखाई देगी. यहां अपना राशन कार्ड नंबर दर्ज करके आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
अगर किसी व्यक्ति के पास उस समय राशन कार्ड नंबर उपलब्ध नहीं है तो वह आधार कार्ड की जानकारी के जरिए भी अपने राशन से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकता है।
सरकार का मानना है कि इस तरह की डिजिटल सुविधाओं से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सकता है. इससे लाभार्थियों को अपने अधिकारों की सही जानकारी मिल सकेगी और राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायतें भी कम होंगी।