Gold Price Today: सोने की कीमतों (gold prices) में लगातार तीसरे दिन मंगलवार 10 दिसंबर को मजबूती देखी जा रही है। घरेलू बाजार में आज सोना दो हफ्ते से ज्यादा की ऊंचाई पर पहुंच गया। चीन से एक के बाद एक आए पॉजिटिव खबरों के बीच ग्लोबल मार्केट में दिख रही तेजी के मद्देनजर घरेलू बाजार में सोना चढ़ा है।
चीन में अगले साल से प्रोएक्टिव फिस्कल और लचीली मॉनेटरी पॉलिसी अपनाने की घोषणा के बाद सेंटीमेंट मजबूत हुआ है। साल 2010 के बाद यह पहला मौका है जब चीन की मॉनेटरी पॉलिसी में इस तरह का शिफ्ट देखने को मिल रहा है। जानकारों के अनुसार चीन में ब्याज दरों में और कटौती वहां गोल्ड की मांग को बढ़ा सकती है। वहीं चीन के केंद्रीय बैंक की तरफ से सोने की खरीदारी फिर शुरू होने की वजह से सोने में में ट्रेंड पहले से ही बुलिश बना हुआ है।
इसके अलावा सीरिया में हुए तख्तापलट ने भी बतौर सुरक्षित विकल्प (safe-haven) सोने की मांग में इजाफा किया है। अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती को लेकर भी मार्केट काफी आशान्वित है।
मार्केट में फिलहाल इस बात की संभावना प्रबल है कि अमेरिका का केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व (US Federal Reserve) दिसंबर की अपनी बैठक में एक बार फिर ब्याज दरों में कम से कम 25 बेसिस प्वाइंट यानी 0.25 फीसदी की कटौती सकता है। यदि अमेरिका में ब्याज दरों में आगे कमी आती है तो सोने को और सपोर्ट मिलना लाजमी है। सोने पर कोई इंटरेस्ट/ यील्ड नहीं मिलता इसलिए ब्याज दरों के नीचे जाने से निवेश के तौर पर इस एसेट क्लास की पूछ-परख बढ़ जाती है।
इस बीच चीन के केंद्रीय बैंक पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना (PBoC) ने शनिवार को बताया कि छह महीने के ब्रेक यानी अप्रैल के बाद पहली बार नवंबर में उसकी तरफ से 16,000 औंस (4.5 टन) सोने की खरीद की गई। इस तरह से मौजूदा कैलेंडर ईयर में नवंबर तक चीन के गोल्ड रिजर्व में तकरीबन 34 टन की वृद्धि हुई है। चीन के केंद्रीय बैंक ने 2023 के दौरान अपने गोल्ड रिजर्व में 225 टन की बढ़ोतरी की थी।
विशेषज्ञ मानते हैं कि सोने की कीमतों में आई कमी और ट्रंप की जीत के बाद बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य (geo-political scenario) के मद्देनजर चीन के केंद्रीय बैंक ने फिर से सोने की खरीदारी शुरू कर दी है।
इससे पहले चीन के गोल्ड रिजर्व में इसी साल अप्रैल के दौरान लगातार 18 महीने इजाफा देखा गया था। अप्रैल के दौरान चीन का गोल्ड रिजर्व 2 टन बढ़कर 2,264 टन पर पहुंच गया था। हालांकि चीन के गोल्ड रिजर्व में यह 18 महीने की सबसे कम बढ़ोतरी थी।
घरेलू स्पॉट मार्केट
Indian Bullion and Jewellers Association (IBJA) के मुताबिक स्पॉट (हाजिर) मार्केट में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सोना 24 कैरेट (999) पिछले दिन (सोमवार) की क्लोजिंग के मुकाबले 421 रुपये चढ़कर 77,113 रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल पर देखा गया। 22 नवंबर के बाद गोल्ड का यह सबसे उच्चतम स्तर है। सोमवार 9 दिसंबर को कारोबार की समाप्ति पर सोना 24 कैरेट 76,692 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया था। 13 नवंबर को कारोबार की समाप्ति पर सोना 24 कैरेट 73,739 रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल पर देखा गया था। इससे पहले 30 अक्टूबर को यह 79,681 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल-टाइम हाई लेवल तक पहुंच गया था।
स्पॉट गोल्ड (spot gold/10 gm)
गोल्ड | 9 दिसंबर 2024 क्लोजिंग प्राइस | 9 दिसंबर 2024 क्लोजिंग प्राइस/10 ग्राम | अंतर |
गोल्ड 24 कैरेट (999) | 76,692/10 ग्राम | 77,113/10 ग्राम | +421 |
गोल्ड 24 कैरेट (995) | 76,385/10 ग्राम | 76,804/10 ग्राम | +419 |
गोल्ड 22 कैरेट (916) | 70,250/10 ग्राम | 70,636/10 ग्राम | +386 |
सिल्वर | 91,800/kg | 92,975/kg | +1,175 |
Source: IBJA
घरेलू फ्यूचर मार्केट
घरेलू फ्यूचर मार्केट एमसीएक्स (MCX) पर सोने का बेंचमार्क फरवरी कॉन्ट्रैक्ट आज मंगलवार 10 दिसंबर को इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान 77,740 रुपये प्रति 10 ग्राम के के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले 13 नवंबर को इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान सोने का बेंचमार्क दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट 73,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर तक चला गया जबकि 30 अक्टूबर को यह 79,775 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गया था।
गोल्ड फ्यूचर (Gold Futures/10 gm)
तारीख | बेंचमार्क कॉन्ट्रैक्ट | पिछला क्लोजिंग | ओपनिंग | इंट्राडे हाई | इंट्राडे लो | लास्ट ट्रेडिंग प्राइस | बदलाव |
9 दिसंबर 2024 | गोल्ड फरवरी कॉन्ट्रैक्ट | 77,486 | 77,551 | 77,740 | 77,425 | 77,446 | -40 (-0.05%) |
Source: MCX (1.50 pm IST)
ग्लोबल मार्केट
ग्लोबल मार्केट में फिलहाल सोना 2 हफ्ते के अपने ऊपरी स्तर पर है। ग्लोबल मार्केट में 10 दिसंबर मंगलवार को कारोबार के दौरान स्पॉट गोल्ड (spot gold) 2,673.85 डॉलर प्रति औंस तक ऊपर गया। फिलहाल यह 5 डॉलर यानी 0.20 फीसदी मजबूत होकर 2,665 डॉलर प्रति औंस के करीब है। इसी तरह बेंचमार्क यूएस फरवरी गोल्ड फ्यूचर्स (Gold COMEX DEC′24) भी आज कारोबार के दौरान 2,696.90 डॉलर प्रति औंस तक चढ़ा। इससे पहले 31 अक्टूबर को स्पॉट गोल्ड और यूएस गोल्ड फ्यूचर क्रमश: 2,790.15 और 2,801.80 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए थे।