टाटा स्टील ने आज कहा कि उसने पर्यावरण अनुकूल शिपिंग सॉल्युशनों के निर्माण एवं इस्तेमाल के लिए वैश्विक समुद्री परिवहन समूह मित्सुई ओएसके लाइंस (एमओएल) के साथ समझौता किया है। कंपनी ने अपनी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि देश की सबसे पुरानी इस्पात उत्पादक द्वारा की गई यह पहल आपूर्ति शृंखला में ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन घटाने के उसके प्रमुख प्रयासों का एक हिस्सा है। टाटा स्टील में आपूर्ति शृंखला के उपाध्यक्ष पीयूष गुप्ता के हवाले से विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘इस समझौते का उद्देश्य इस्पात उत्पादन के लए कच्चे माल की समुद्री ढुलाई में ग्रीनहाउस गैस (जीएचजी) उत्सर्जन घटाना है। शुरुआती चरण में, यह भागीदारी विभिन्न प्रौद्योगिकियों के पर्यावरणीय लाभ और वाणिज्यिक एवं परिचालन व्यवहार्यता तलाशेगी।’