शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए मार्च का दूसरा हफ्ता काफी हलचल भरा रहने वाला है। अगर आप भी स्टॉक्स में दिलचस्पी रखते हैं, तो आपके लिए यह जानना जरूरी है कि आने वाले दिनों में दो बड़ी कंपनियां अपने शेयरों को बांटने यानी ‘स्टॉक स्प्लिट’ करने जा रही हैं। जब भी कोई कंपनी अपने शेयर की कीमत को आम निवेशकों की पहुंच में लाने और बाजार में लिक्विडिटी बढ़ाने की कोशिश करती है, तो वह स्टॉक स्प्लिट का सहारा लेती है। मार्च के दूसरे हफ्ते के लिए जिन दो कंपनियों ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है, उनके नाम टैनफैक इंडस्ट्रीज लिमिटेड और हिंदुस्तान अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड हैं।
शेयर बाजार से मिली जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले केमिकल सेक्टर से जुड़ी कंपनी टैनफैक इंडस्ट्रीज लिमिटेड (TANFACIND) के शेयरों में बदलाव देखने को मिलेगा। कंपनी ने अपने शेयरों के बंटवारे के लिए 9 मार्च 2026 की तारीख तय की है। टैनफैक इंडस्ट्रीज के शेयर की फेस वैल्यू फिलहाल 10 रुपये है, जिसे कंपनी ने 1:2 के अनुपात में बांटने का फैसला किया है। इसका मतलब यह है कि 10 रुपये की फेस वैल्यू वाला एक शेयर अब 5 रुपये की फेस वैल्यू वाले दो शेयरों में बदल जाएगा। कंपनी ने इसके लिए एक्स-डेट (Ex-Date) और रिकॉर्ड डेट (Record Date) दोनों ही 9 मार्च 2026 निर्धारित की है। यानी जिन निवेशकों के पास इस तारीख तक कंपनी के शेयर होंगे, उन्हें इस स्प्लिट का फायदा मिलेगा।
Also Read: Dividend Stocks: बाजार में बरसेगा पैसा! इस हफ्ते IOC, IRFC समेत ये 8 कंपनियां देंगी डिविडेंड
इससे अलावा हिंदुस्तान अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने अपने शेयरों को 1:5 के अनुपात में बांटने का ऐलान किया है। वर्तमान में इस कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है, जो स्प्लिट के बाद घटकर मात्र 2 रुपये रह जाएगी। इसका सीधा मतलब यह है कि अगर किसी निवेशक के पास कंपनी का एक शेयर है, तो स्प्लिट के बाद उसके पास कुल 5 शेयर हो जाएंगे। कंपनी ने इस कॉर्पोरेट एक्शन के लिए 13 मार्च 2026 की तारीख तय की है। 13 मार्च 2026 ही इस स्टॉक के लिए एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट होगी।
स्टॉक स्प्लिट की प्रक्रिया के दौरान निवेशकों के मन में अक्सर यह सवाल होता है कि क्या इससे उनके निवेश की वैल्यू बदल जाएगी? आसान शब्दों में कहें तो, स्टॉक स्प्लिट से आपकी निवेश राशि नहीं बदलती, बल्कि आपके पास मौजूद शेयरों की संख्या बढ़ जाती है और उसी अनुपात में शेयर की कीमत कम हो जाती है। मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि इस तरह के कदम से छोटे निवेशकों के लिए महंगे शेयर खरीदना आसान हो जाता है।