SBI Share Price: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के स्टॉक का शेयर टेक्निकल चार्ट पर एक बार फिर मजबूती का संकेत दिखा रहा है। बीते कुछ हफ्ते से एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहे शेयर में निचले स्तरों से मजबूती खरीदारी की संभावना है। बेहतर आउटलुक को देखते हुए ब्रोकरेज हाउस मोनार्क नेटवर्थ कैपिटल (Monarch Networth Capital) ने SBI को अपने साप्ताहिक स्टॉक पिक में शामिल किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि शेयर का तकनीकी ढांचा मजबूत हो रहा है और अगले 2 से 3 महीनों में इसमें करीब 10%-15% तक की तेजी देखने को मिल सकती है। वहीं, मंगलवार (21 जुलाई) को शेयरों पर दबाव देखने को मिला और दोपहर 1 बजे तक के कारोबार में शेयर करीब एक फीसदी तक टूट गए।
ब्रोकरेज फर्म मोनार्क कैपिटल ने SBI के शेयर में 1,010 से 1,050 रुपये के दायरे में खरीदारी की सलाह दी है। इसके लिए 1,120 से 1,200 रुपये का लक्ष्य दिया गया है, जबकि 930 रुपये का स्टॉप लॉस रखने की सलाह है। ब्रोकरेज का कहना है कि इस PSU Bank Stock में 2-3 महीने के लिए निवेश का नजरिया रखना चाहिए।
मोनार्क नेटवर्थ कैपिटल के डेरिवेटिव एनालिस्ट केतन कौशिक के मुताबिक SBI का शेयर 944 रुपये के स्तर से मजबूत तेजी दिखाई और फरवरी 2026 में 1,234 रुपये का आल टाइम हाई बनाया। इसके बाद शेयर में मुनाफावसूली हुई और 940 से 970 रुपये के दायरे में मजबूत सपोर्ट बना। पिछले कुछ सप्ताह से शेयर सीमित दायरे में कारोबार कर रहा था, लेकिन अब यह अपने Anchored VWAP रेजिस्टेंस के ऊपर बंद हुआ है। साथ ही चार्ट पर हायर बॉटम का पैटर्न बन रहा है, जो निचले स्तरों पर मजबूत खरीदारी का संकेत देता है।
ब्रोकरेज का कहना है कि SBI का शेयर 100 दिन के मूविंग एवरेज के ऊपर मजबूत तेजी वाले कैंडल पैटर्न के साथ बंद हुआ है। यह प्वाइंट ऑफ कंट्रोल (POC) सपोर्ट जोन के ऊपर बना हुआ है और चार्ट पर डबल बॉटम पैटर्न को आगे बढ़ाने के संकेत दे रहा है। हल्की गिरावट के बाद शेयर में फिर से खरीदारी देखने को मिल रही है।
ये भी पढ़ें… SBI Funds Management पर बुलिश ब्रोकरेज, दिए ₹750 तक के टारगेट
रिपोर्ट के मुताबिक रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) डेली और वीकली दोनों चार्ट पर 50 के ऊपर बना हुआ है। इसे सकारात्मक संकेत माना जाता है और इससे आने वाले दिनों में तेजी का रुख जारी रहने की संभावना जताई गई है। 940 से 970 रुपये का दायरा हालिया गिरावट के बाद मजबूत सपोर्ट के रूप में उभरा है। इसी स्तर पर ट्रेडर्स की अच्छी खरीदारी देखने को मिली, जिससे शेयर को दोबारा मजबूती मिली।
रिपोर्ट के अनुसार SBI के लिए लंबी अवधि में कई मजबूत ग्रोथ ड्राइवर हैं। इनमें कर्ज में बढ़ोतरी, डिजिटल बैंकिंग का विस्तार, एसेट क्वालिटी में सुधार, रिटेल लोन कारोबार का विस्तार, सरकार की नीतियां और भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूत वृद्धि प्रमुख हैं। हालांकि ब्याज दरों में बदलाव, नियामकीय फैसले, एसेट क्वालिटी, आर्थिक सुस्ती, बाजार में उतार चढ़ाव और वैश्विक आर्थिक घटनाक्रम स्टॉक की परफॉर्मेंस को प्रभावित कर सकते हैं।
SBI के शेयर में मंगलवार (21 जुलाई) को दबाव देखने को मिला। दोपहर 1 बजे के कारोबारी सेशन में स्टॉक करीब 1 फीसदी तक टूट गया। शेयर में करीब आधा फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ 1,053.45 रुपये पर कारोबार शुरू हुआ। इस दौरान स्टॉक ने 1,048.50 का लो और 1,066.90 का हाई बनाया।
एसबीआई के शेयर की परफॉर्मेंस की बात करें, तो बीते एक हफ्ते में शेयर करीब 4 फीसदी उछल चुका है। वहीं, 1 महीने में 1.5 फीसदी उछला है जबकि तीन महीने में करीब 5.5 फीसदी का निगेटिव रिटर्न रहा है।
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज हाउस की है। बिजनेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत हो, यह जरूरी नहीं है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की सलाह जरूर लें।)