PhysicsWallah Share Outlook: शेयर बाजार की तेजी में देश की दिग्गज एजुकेशन प्लेटफॉर्म फिजिक्सवाला के शेयरों में जबरदस्त उछाल है। NSE पर शेयरों में करीब 5.2 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की जा रही, जो 127 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है। इस लिहाज से फिजिक्सवाला का शेयर अपने 52-वीक के सबसे निचले स्तर 77.72 रुपये से करीब 64 फीसदी ऊपर ट्रेड कर रहा।
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के मुताबिक शेयरों में आगे भी तेजी बरकरार रहेगी। इसीलिए शेयर पर खरीदारी की सलाह है। साथ ही दमदार फंडामेंटल्स के चलते 12 महीने के नजरिये से 200 रुपये का अपसाइड टारगेट दिया है। हालांकि, महंगा वैल्यूएशन समेत अन्य रिस्क भी हैं।
ताजा रिपोर्ट में मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने ऑनलाइन एजुकेशन देने वाली कंपनी पर बुलिश रेटिंग दी है। इसकी वजह कंपनी के घाटे से मुनाफे में आने का अनुमान है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि कंपनी FY26 के घाटे के मुकाबले FY28 में 580 करोड़ रुपये का मुनाफा हो सकता है। दरअसल, ऑनलाइन बिजनेस में तेज ग्रोथ, खर्च पर बेहतर कंट्रोल और ऑफलाइन सेंटर्स के मुनाफे में सुधार से कमाई बढ़ने की उम्मीद है।
रिपोर्ट के मुताबिक ऑनलाइन बिजनेस कंपनी के लिए सबसे अहम रहने वाला है। FY26 से FY30 के दौरान रेवेन्यू CAGR करीब 28 फीसदी का अनुमान है। इसे पेड यूजर ग्रोथ, नए एग्जाम कैटेगरी में विस्तार समेत AI से होने वाली कमाई का सहारा मिलेगा। बता दें कि कंपनी ने यूट्यूब पर फ्री टू पेड वाले सिलेबस तक छात्रों को जोड़ने वाला बड़ा नेटवर्क तैयार किया है।
फिजिक्सवाला के यूट्यूब नेटवर्क पर 10 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। इसके अलावा कंपनी के ऐप को 8.3 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है। ऐसे में मोतीलाल ओसवाल का अनुमान है कि FY26 में कंपनी के भुगतान करने वाले छात्रों की संख्या करीब 49 लाख रह सकता है, जो FY28 तक बढ़कर करीब 70 लाख हो सकता है।
MOFSL ने कहा कि फिजिक्सवाला की कुल आमदनी FY26 में करीब 3,900 करोड़ रुपये रही, जो बढ़कर FY27 में 4,940 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। यह FY28 तक 6,140 करोड़ रुपये पहुंचने का अनुमान है।
Also Read | प्रॉयर्टी ज्वेल्स की 15% प्रीमियम पर लिस्टिंग, फिर लगा 5% का अपर सर्किट, मुनाफा काट लें या बने रहें?
फिजिक्सवाला की मजबूत ग्रोथ के अनुमान क बीच हाई वैल्यूएशन भी है। ब्रोकरेज रिपोर्ट के मुताबिक शेयर FY27 की अनुमानित कमाई के करीब 110 गुना PE पर कारोबार कर रहा है। FY28 के अनुमान पर भी PE करीब 60 गुना है।
इसका मतलब है कि शेयर के मौजूदा भाव में भविष्य की तेज ग्रोथ की काफी उम्मीद पहले से शामिल है। अगर कंपनी की आय, मुनाफा या मार्जिन अनुमान के मुताबिक नहीं बढ़ता, तो हाई वैल्यूएशन शेयर पर दबाव बनाने का काम कर सकता है।
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज रिपोर्ट की है। बिजनेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता। निवेश से पहले अपनी समझ से फैसला करें या वित्तीय सलाहकार की राय लें।)