म्युचुअल फंड हाउस कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी (Kotak AMC) इक्विटी कैटेगरी में नया इंडेक्स फंड लेकर आया है। एसेट मैनेजमेंट कंपनी के न्यू फंड ऑफर (NFO) कोटक निफ्टी बैंक इंडेक्स फंड पैसिव इंडेक्स फंड निफ्टी बैंक इंडेक्स को ट्रैक करेगा और उसी के मुताबिक निवेश करेगा, ताकि निवेशकों को इंडेक्स के समान रिटर्न मिल सके। यह न्यू फंड ऑफर 3 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक खुला है।
म्युचुअल फंड हाउस के मुताबिक, कोटक निफ्टी बैंक इंडेक्स फंड में 1,000 रुपये से निवेश शुरू कर सकते हैं। वहीं, इसमें निवेशकों को SIP का भी विकल्प मिलेगा। निवेशक न्यूनतम 500 रुपये से इस स्कीम में एसआईपी शुरू कर सकते हैं। इस स्कीम के फंड मैनेजर फंड मैनेजर-सतीश डोंडापति और जीतू वलेचा सोनार हैं। इसका बेंचमार्क इंडेक्स NIFTY Bank TRI है। एसेट एलोकेशन की बात करें तो ये स्कीम 95-100% निफ्टी बैंक इंडेक्स की कंपनियों में, 0-5% डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश करेगी।
एसेट मैनेजमेंट कंपनी के मुताबिक, ऐसे निवेशक इंडेक्स फंड के जरिए बैंकिंग सेक्टर में निवेश करना चाहते हैं, उनके लिए यह स्कीम एक विकल्प हो सकती है। हालांकि, रिस्कोमीटर पर इसे ‘बहुत ज्यादा जोखिम’ (Very High Risk) की श्रेणी में रखा गया है। इसलिए निवेश से पहले अपनी वित्तीय जरूरतों और जोखिम उठाने की क्षमता का आकलन करना चाहिए। किसी भी तरह की शंका होने पर वित्तीय सलाहकार से सलाह ली जा सकती है।
यह फंड निफ्टी बैंक इंडेक्स को ट्रैक करेगा, जिसमें देश के बड़े और सबसे अधिक कारोबार वाले बैंकिंग शेयर शामिल हैं। स्कीम में निवेशकों को डायरेक्ट और रेगुलर दोनों प्लान का विकल्प मिलेगा। डायरेक्ट प्लान में निवेश सीधे एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) के माध्यम से किया जाता है, जबकि रेगुलर प्लान में निवेश एजेंट या डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए होता है।
निफ्टी बैंक इंडेक्स (Nifty Bank) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का एक प्रमुख इंडेक्स है, जिसमें एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जैसे देश के सबसे बड़े और बैंकिंग शेयर शामिल हैं। यह सूचकांक भारतीय बैंकिंग क्षेत्र के वित्तीय प्रदर्शन को दिखाता है।
ये भी पढ़ें… बाजार में आया एक और फ्लेक्सी कैप फंड, 4 अगस्त तक खुला रहेगा AlphaGrep का NFO; ₹500 से निवेश का मौका
(डिस्क्लेमर: यहां NFO की डीटेल दी गई है। ये निवेश की सलाह नहीं है। म्युचुअल फंड में निवेश बाजार के जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से सलाह जरूर लें।)