एडलवाइस फाइनैंशियल सर्विसेज ने सोमवार को 1,000 रुपये प्रति यूनिट के फेस वैल्यू वाले सिक्योर रिडीमेबल नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर्स (NCDs) के पब्लिक इश्यू की घोषणा की। यह इश्यू 175 करोड़ रुपये (बेस इश्यू साइज) तक का है, जिसमें 175 करोड़ रुपये तक का ग्रीन शू ऑप्शन भी शामिल है। इस तरह कुल इश्यू साइज 350 करोड़ रुपये तक हो सकता है।
इस इश्यू में 10 सीरीज के NCDs हैं, जिन पर फिक्स्ड कूपन मिलेगा। इनकी अवधि 24 महीने, 36 महीने, 60 महीने और 120 महीने है, जिसमें सालाना, मासिक और क्यूम्युलेटिव ब्याज विकल्प उपलब्ध हैं। इन NCDs पर प्रभावी एनुअल यील्ड 8.64 फीसदी से 10.01 फीसदी प्रति वर्ष के बीच है। यह इश्यू सोमवार, 2 मार्च 2026 को खुलेगा और सोमवार, 16 मार्च 2026 को बंद होगा।
Also Read: रिटायरमेंट और चिल्ड्रन फंड्स बंद: 44 स्कीमों पर ताला, अब निवेशकों के पैसे का क्या होगा?
इस इश्यू के माध्यम से जुटाई गई राशि का कम से कम 75 फीसदी हिस्सा कंपनी के मौजूदा लोन के ब्याज और प्रिसिंपल अमाउंट (मूलधन) के रिपेमेंट/प्रिपेमेंट में उपयोग किया जाएगा। शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा, बशर्ते कि यह कुल जुटाई गई राशि के 25 फीसदी से ज्यादा न हो।
इस इश्यू के तहत जारी किए जाने वाले NCDs को “CRISIL A+/Stable” (स्थिर आउटलुक के साथ क्रिसिल ए प्लस रेटिंग) दी गई है। इस इश्यू के लीड मैनेजर्स ट्रस्ट इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड, नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट लिमिटेड और टिप्सन्स कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड हैं। निवेशकों को लिक्विडिटी प्रदान करने के लिए इन NCDs को BSE पर लिस्ट किया जाएगा।