भारत में केएफसी, पिज्जा हट और कोस्टा कॉफी की फ्रैंचाइजी देवयानी इंटरनैशनल के शेयर का सोमवार को शेयर बाजार में शानदार स्वागत हुआ। यह शेयर अपने निर्गम भाव के मुकाबले 56 प्रतिशत की तेजी के साथ 141 रुपये पर सूचीबद्घ हुआ। हालांकि शेयर मुनाफावसूली बढऩे की वजह से अपनी बढ़त कायम रखने में विफल रहा और आखिर में अपने निर्गम भाव के मुकाबले 37 प्रतिशत की तेजी के साथ 123.35 रुपये पर बंद हुआ। इस आईपीओ को 116 गुना अभिदान मिला था। संस्थागत श्रेणी को 85 गुना, एचएनआई हिस्से को 213 गुना और रिटेल निवेशक श्रेणी को 39 गुना तक अभिदान मिला था।
वहीं कृष्णा डायग्नास्टिक्स 1,025 रुपये पर खुला, जो उसके निर्गम भाव से 7.4 प्रतिशत ज्यादा है।
आखिर में यह शेयर अपने निर्गम भाव से 4 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। साथ ही एक्सारो टाइल्स का शेयर 126 रुपये पर खुला, जो उसकी निर्गम कीमत से 5 प्रतिशत ऊपर है और आखिर में यह निर्गम भाव से 10 प्रतिशत की वृद्घि के साथ बंद हुआ। विंडलैब्स बायोटक 439 रुपये पर खुला, जो उसके निर्गम भाव से 5 प्रतिशत नीचे है और यह 406.7 रुपये पर बंद हुआ।
सभी चारों आईपीओ को निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली और कृष्णा डायग्नोस्टिक्स, एक्सारो टाइल्स और विंडलैस बायोटेक को 64.3 गुना, 22.5 गुना और 22.4 गुना अभिदान मिला। चारों आईपीओ ने संयुक्त रूप से 1.7 लाख करोड़ रुपये के आवेदन आकर्षित किए थे और 1 करोड़ से ज्यादा रिटेल आवेदन थे जिससे इनके प्रबंधन से जुड़ी बैंकिंग व्यवस्था पर दबाव पड़ गया। बाजार कारोबारियों का कहना है कि कई बैंकों को एक साथ बड़ी तादाद में मिले आवेदनों की प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
वर्ष 2007 के बाद से यह पहली बार हुआ जब चार आईपीओ को एक ही दिन पेश किया गया।