भाजपा की नई टीम में कुछ शामिल, कई बाहर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 12:26 AM IST

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने गुरुवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की घोषणा कर दी। तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के प्रति सहानुभूति दर्शाने वाले वरुण गांधी, चौधरी वीरेंद्र सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी की जगह नए नेताओं को नई कार्यसमिति में जगह दी गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी सहित 80 नेताओं को सदस्य मनोनीत किया गया है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और प्रह्लाद पटेल, कई मुद्दों पर पार्टी से अलग रुख रखने वाले सुब्रमण्यन स्वामी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र व सांसद दुष्यंत सिंह, विजय गोयल, विनय कटियार तथा एसएस आहलूवालिया को भी नई राष्ट्रीय कार्यसमिति में जगह नहीं मिली है। केंद्रीय मंत्री अब कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी कार्यसमिति में शामिल किए गए नए सदस्य हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान और निर्मला सीतारमण कार्यसमिति में बने हुए हैं।

वरुण गांधी, स्वामी और वीरेंद्र सिंह को कार्यसमिति से बाहर किए जाने को विभिन्न मुद्दों पर इन नेताओं के रुख से पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है। पिछले कुछ समय से वरुण गांधी तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में लगातार आवाज उठाते रहे हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा की निंदा करते हुए उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने कार्यसमिति में वापसी की है। पिछली कार्यसमिति में उन्हें शामिल नहीं किया गया था। हाल ही में केंद्रीय मंत्रिपरिषद से बाहर किए गए हर्षवर्धन, रविशंकर प्रसाद और प्रकाश जावडेकर कार्यसमिति में अपनी जगह बचाने में सफल रहे। फिल्म कलाकार मिथुन चक्रवर्ती, पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी और राज्यसभा सदस्य स्वप्न दासगुप्ता सहित पश्चिम बंगाल के छह नेताओं को कार्यसमिति में जगह दी गई है। इन सभी को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक कार्यसमिति में 50 विशेष आमंत्रित सदस्य और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्य (पदेन) भी होंगे, जिनमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधायक दल के नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन शामिल हैं। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करती है और संगठन के कामकाज की रूपरेखा तय करती है। कोविड-19 महामारी के चलते लंबे समय से राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक नहीं हुई है।    

First Published : October 7, 2021 | 11:19 PM IST