अब और रेलगाडिय़ां नहीं होंगी रद्द

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 7:23 PM IST

भारतीय रेलवे ने कोयला ढुलाई की खातिर मालगाडिय़ों की सुगम आवाजाही के लिए और यात्री ट्रेन रद्द नहीं करने का फैसला किया है। रेलवे पिछले सप्ताह रद्द की गईं ट्रेनों को धीरे-धीरे बहाल करेगा। इसका मानना है कि अब कोयले की आपूर्ति सामान्य स्तर पर पहुंच रही है, इसलिए विशेष उपायों की जरूरत नहीं है।
भारतीय रेलवे के कार्यकारी निदेशक जीके बंसल ने बताया, ‘शुरुआती आंकड़ों से पता चलता है कि यात्री ट्रेन रद्द होने से कोयले की आपूर्ति बढ़ी है। हमने इसे एक अंतरिम उपाय के रूप में शुरू किया है और कोयले की आपूर्ति पर दैनिक आधार पर नजर रख रहे हैं ताकि हम यथासंभव जल्द यात्री ट्रेन बहाल कर सकें। इस घोषणा के बाद हम पहले ही तीन जोड़ी यानी छह ट्रेन बहाल कर चुके हैं। आगे मांग को मद्देनजर रखते हुए कदम उठाए जाएंगे।’ बंसल ने कहा कि रेलवे को फिलहाल और ट्रेन रद्द करने की जरूरत नजर नहीं आ रही है। भारतीय रेलवे ने ताप विद्युत संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति को प्राथमिकता देने के लिए यात्री ट्रेन रद्द कर दी थीं, लेकिन अब रेल मंत्रालय धीरे-धीरे इन ट्रेनों को बहाल करने पर विचार कर रहा है। रेल मंत्रालय ने कोयले की ढुलाई करने वाली मालगाडिय़ों की सुगम आवाजाही के लिए शुक्रवार को उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी मध्य रेलवे जोन में 42 मेल/एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनों के 753 फेरे रद्द कर दिए। उत्तर रेलवे में यात्री ट्रेन 8 मई तक रद्द की गई हैं। दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे ने 24 मई तक रद्द रहेंगी।

First Published : May 2, 2022 | 12:37 AM IST