त्योहार के इस सीजन में आम आदमी की जेब और ढीली पड़ने वाली है। देश की प्रसिद्ध डेयरी अमूल ने दूध की कीमतों में वृद्धि करने का फैसला लिया है। अमूल ने आज से दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिया है।
कितना दाम बढ़ा
नए दाम के मुताबिक अब अमूल दूध 2 रुपये प्रति लीटर महंगी मिलेगी। अमूल फुल क्रीम जो पहले 61 रुपये प्रति लीटर आता था वह अब 63 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। हालांकि कंपनी की ओर से इसका कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। जानकारों का मानना है कि पशु चारे की कीमत में हो रही बेतहाशा वृद्धि के कारण डेयरी फार्म दूध की कीमतों में वृद्धि कर रही है। थोक महंगाई दर के आंकड़ों के अनुसार, चारे की महंगाई दर 25 फीसदी से ऊपर बनी हुई है। चारा महंगा होने से दूध उत्पादन की लागत बढ़ रही है और पशुपालकों का मुनाफा घट रहा है।
अगस्त में भी बढ़े दाम
इससे पहले अमूल ने 17 अगस्त को भी दूध का दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया था। अमूल द्वारा दूध की कीमतों में वृद्धि के कारण दूसरी डेयरी जैसे मदर डेयरी, सुधा ने भी दूध की कीमत में वृद्धि की थी। इससे पहले मदर डेयरी ने मार्च में भी दूध की कीमत में इजाफा किया था। बीते ग्यारह अक्टूबर को सुधा डेयरी ने दूध की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया था।
आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड अमूल नाम से डेयरी प्रोडक्ट बाजार में बेचता है। इससे पहले कंपनी ने लागत की भरपाई करने हेतु दूध के दाम में इजाफा किया था। दूध भारतीय परिवार में अत्याधिक इस्तेमाल में आता है, इसलिए कीमतों में बढ़ोतरी लोगों के बजट को प्रभावित करेगा।