अक्सर हम देखते हैं कि चोर ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल खिड़की में हाथ डालकर छुड़ा लेते हैं और चंपत हो जाते हैं। बहरहाल, ऐसा ही कुछ करना एक चोर को महंगा पड़ गया। चोर का मोबाइल चुराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कहा जा रहा है कि यह वीडियो बिहार से है, जहां विंडो से अक्सर मोबाइल या अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं होती रहती हैं। वीडियो में लिखे कैप्शन के मुताबिक, एक व्यक्ति ने चलती ट्रेन में यात्री का फोन छीनने की कोशिश की लेकिन ट्रेन के अंदर बैठा यात्री इस तरह की घटना को लेकर सतर्क बैठा था। जैसे ही चोर ने मोबाइल पर झपट्टा मारने की कोशिश की, यात्री ने उसका हाथ कसकर पकड़ लिया।
फिर क्या था! चलती ट्रेन में चोर खिड़की पर लटक गया। अन्य यात्रियों ने भी उसे पकड़ लिया, जिससे वह छूटने की कोशिश करने पर भी चलती ट्रेन से लटक गया। उसे एक किलोमीटर तक घसीटा गया। बाद में उसके कथित साथियों ने उसे बचा लिया। इसी बीच अन्य यात्रियों ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
2022 में, इसी तरह बिहार में एक चोर ने साहेबपुर कमाल स्टेशन पर ट्रेन रुकते समय खिड़की से एक यात्री का फोन छीनने का प्रयास किया था। सतर्क यात्रियों ने उसका हाथ पकड़ लिया और उसे तब तक पकड़े रखा जब तक ट्रेन स्टेशन से रवाना नहीं हो गई।