भारत

Fraud Case: आरबीआई में नौकरी लगवाने के नाम पर 27 लोगों से 2.2 करोड़ की ठगी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों को न तो वादे के मुताबिक नौकरी मिली और न ही उनके पैसे वापस मिले।

Published by
भाषा   
Last Updated- April 12, 2024 | 2:07 PM IST

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) में नौकरी दिलाने का वादा कर 27 लोगों से दो करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोप में नवी मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने शिकायत के हवाले से बताया कि ऐरोली के रहने वाले 41 वर्षीय सदानंद भोसले ने पीड़ितों को यह कह कर लुभाया कि वह उन्हें आरबीआई में सुरक्षा गार्ड के रूप में नौकरी दिलवा देगा। भोसले ने सितंबर 2020 से सितंबर 2021 के बीच उनसे कथित तौर पर 2.24 करोड़ रुपये लिए।

उन्होंने बताया कि पीड़ितों को न तो वादे के मुताबिक नौकरी मिली और न ही उनके पैसे वापस मिले। सभी पीड़ितों की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई करते हुए खारघर पुलिस ने गुरुवार को भोसले पर भारतीय दंड संहिता के तहत धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज किया। अधिकारी ने बताया कि शिकायत में पुलिस के पास देर से आने का कारण नहीं बताया गया है।

उन्होंने बताया कि नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की तीसरी इकाई ने इस मामले का जांच अपने हाथों में ले ली है।

First Published : April 12, 2024 | 2:07 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)