अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद एचडीएफसी बैंक के अंतरिम अंशकालिक चेयरमैन के रूप में नियुक्त किए गए केकी मिस्त्री ने गुरुवार को हितधारकों को आश्वस्त किया कि बैंक में कोई गंभीर समस्या या परिचालन संबंधी चिंता नहीं हैं। साथ ही बैंक के निदेशक मंडल के किसी भी सदस्य को उस मसले की जानकारी नहीं है, जिसके कारण चक्रवर्ती ने इस्तीफा दिया।
मिस्त्री ने विश्लेषकों के साथ बातचीत में कहा, बोर्ड की ओर से और कार्यकारी नेतृत्व के पूर्ण सहयोग से मैं सभी हितधारकों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि इस समय कोई अहम मामला नहीं है। हमारी चर्चाओं के आधार पर ऐसी कोई विशेष घटनाएं आदि हमारे ध्यान में नहीं लाई गईं। साथ ही यह भी जोड़ा कि कोई परिचालन संबंधी या अन्य मसले सामने नहीं लाए गए हैं।
इस कॉल में नए अंतरिम अंशकालिक चेयरमैन केकी मिस्त्री, एमडी और सीईओ शशिधर जगदीशन और सुनीता माहेश्वरी (स्वतंत्र निदेशक), लिली वढेरा (स्वतंत्र निदेशक), हर्ष भानवाला (स्वतंत्र निदेशक) और रेणु कर्नाड (गैर-स्वतंत्र, गैर-कार्यकारी निदेशक) भी शामिल हुए।
मिस्त्री को 19 मार्च से तीन महीने की अवधि के लिए अंतरिम अंशकालिक चेयरमैन नियुक्त किया गया है। चक्रवर्ती ने एचडीएफसी बैंक के अंशकालिक चेयरमैन और स्वतंत्र निदेशक पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बैंक के भीतर पिछले दो वर्षों में देखी गई उन घटनाओं और तौर-तरीकों का हवाला दिया है, जो उनके व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिकता के अनुरूप नहीं थीं।
मिस्त्री ने कहा, अगर यह जिम्मेदारी मेरे सिद्धांतों और बैंक से अपेक्षित मेरी ईमानदारी के स्तर के अनुरूप नहीं होती, तो मैं 71 वर्ष की आयु में इसे स्वीकार नहीं करता। मिस्त्री ने कहा, बोर्ड संस्थागत मजबूती और विश्वास सूचकांक की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैंक मजबूत संचालन मानकों, सुदृढ़ आंतरिक नियंत्रणों और अत्यंत अनुभवी प्रबंधन टीम के साथ काम करता है। हमारी रणनीतिक दिशा, व्यावसायिक प्राथमिकताएं और क्रियान्वयन की क्षमताएं हमेशा की तरह बनी हुई हैं।
बीएसई पर एचडीएफसी बैंक का शेयर करीब 5 फीसदी लुढ़ककर 801.70 रुपये पर बंद हुआ। जगदीशन ने भी सभी हितधारकों को आश्वासन दिया कि बैंक ऐसा कोई काम नहीं करेगा, जिससे बदनामी हो। उन्होंने कहा कि एक बड़े संगठन के नाते गलतियां और चूक हो सकती हैं, लेकिन वे कभी भी ऐसा कुछ नहीं करेंगे जिससे किसी को भी, यहां तक कि हमारी अंतरात्मा को भी शर्मिंदगी उठानी पड़े। जगदीशन की टीम का इसी साल अक्टूबर में नवीनीकरण होना है।
इस पर टिप्पणी करते हुए मिस्त्री ने कहा, इस पर नामांकन और पारिश्रमिक समिति विचार करेगी। अभी इसके लिए समय है और उचित समय आने पर समिति की बैठक होगी और हम इस मुद्दे को बोर्ड के समक्ष उठाएंगे। इस संबंध में कुछ भी नहीं बदला है। मिस्त्री ने कहा, वह पिछले कई वर्षों से बैंक का संचालन सफलतापूर्वक कर रहे हैं और हम सभी आशा करते हैं कि इन वर्षों में टीम के प्रति उनके समर्पण के साथ वह आगे भी तरक्की करते रहेंगे।
मिस्त्री ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रबंधन और चक्रवर्ती के बीच मामूली मुद्दों पर मतभेद हो सकते हैं। लेकिन कोई भी बात गंभीर नहीं है।