अर्थव्यवस्था

विकसित देश बनने के लिए 2047 तक 8-9 प्रतिशत की औसत वृद्धि दर जरूरी : Deloitte

भारत इस समय अमेरिका, चीन, जापान और जर्मनी के बाद दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

Published by
भाषा   
Last Updated- September 08, 2023 | 12:04 PM IST

भारत को 2047 तक विकसित देश (Developed Country) बनने के लिए अगले 20 वर्षों तक 8-9 प्रतिशत की दर से बढ़ने की जरूरत है। डेलॉयट दक्षिण एशिया के सीईओ रोमल शेट्टी ने यह बात कही।

सरकार का 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने का लक्ष्य

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया है।

शेट्टी ने कहा कि भारत को ‘चीन प्लस वन’ रणनीति से फायदा मिल सकता है, क्योंकि कोई दूसरा देश इस तरह के परिचालन के पैमाने और आकार की पेशकश नहीं कर सकता, जैसा यहां उपलब्ध है।

अंतरिक्ष क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में पहले ही 200 स्टार्टअप हैं और यहां 2040 तक 100 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश आ सकता है।

विकसित अर्थव्यवस्था बनने के लिए 2047 तक 8-9 प्रतिशत की दर से बढ़ने की जरूरत

शेट्टी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ”हमें एक विकसित अर्थव्यवस्था बनने के लिए कम से कम 2047 तक 8-9 प्रतिशत की दर से बढ़ने की जरूरत है… मध्यम आय स्तर से आगे बढ़ना होगा… इस गति से वृद्धि आसान नहीं है। दुनिया में बहुत कम देश ऐसे हैं, जो सालाना 8-9 प्रतिशत की गति से बढ़ने में सक्षम हैं।”

मोदी ने हाल ही में पीटीआई-भाषा को दिए एक साक्षात्कार में कहा था कि भारत निकट भविष्य में शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में होगा। उन्होंने कहा था, ”मुझे यकीन है कि 2047 तक हमारा देश विकसित देशों में होगा। हमारी अर्थव्यवस्था और भी अधिक समावेशी होगी।”

भारत इस समय दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

भारत इस समय अमेरिका, चीन, जापान और जर्मनी के बाद दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

First Published : September 8, 2023 | 11:58 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)